Sourav Ganguly health update: सौरव गांगुली की दिल की धमनियों में लगाए गए दो और स्टेंट, दूसरी बार हुई सफल सर्जरी
Sourav Ganguly health update बीसीसीआइ अध्यक्ष सौरव गांगुली का गुरुवार को दूसरी बार एंजियोप्लास्टी की गई। एंजियोप्लास्टी के बाद सौरव गांगुली की हालत स्थिर बताई जा रही है और उन्हें गहन चिकित्सकीय निरीक्षण में रखा गया है। 26 दिनों के अंदर उनका दूसरा ऑपरेशन किया गया।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बीसीसीआइ अध्यक्ष व पूर्व भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सौरव गांगुली की गुरुवार को दूसरी बार एंजियोप्लास्टी की गई। गांगुली की 26 दिनों के अंदर दूसरी बार दिल की सफल सर्जरी की गई। एंजियोप्लास्टी के बाद सौरव की हालत स्थिर बताई जा रही है और उन्हें कड़ी चिकित्सकीय निरीक्षण में रखा गया है। जाने-माने हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. देवी शेट्टी व अश्विन मेहता की मौजूदगी में सौरव के पारिवारिक चिकित्सक डॉ. आफताब खान ने इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
एंजियोप्लास्टी के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सौरव को देखने अस्पताल पहुंचीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सौरव से उनकी बातचीत हुई है। वे ठीक हैं और मैं उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं देती हूं। इससे पहले वरिष्ठ माकपा नेता व बंगाल के पूर्व शहरी विकास मंत्री अशोक भट्टाचार्य भी सौरव को देखने अस्पताल पहुंचे थे। अपोलो अस्पताल सूत्रों ने बताया कि सुबह सौरव का एंजियोग्राम किया गया। उसकी रिपोर्ट के आधार पर ही एंजियोप्लास्टी करने का फैसला लिया गया।
गौरतलब है कि टीम इंडिया के सबसे सफल कप्तानों में शुमार सौरव की पहली एंजियोप्लास्टी इसी महीने दो जनवरी को दिल का हल्का दौरा पडऩे के बाद हुई थी। उनके दिल की तीन धमनियों में अवरोध पाया गया था। उस वक्त एंजियोप्लास्टी कर एक स्टेंट लगाया गया था। बाकी दो धमनियों में कुछ समय बाद स्टेंट लगाने का डॉक्टरों ने निर्णय लिया था। गत सात जनवरी को सौरव को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी और घर पर ही आराम करने की सलाह दी गई थी। सौरव तब से घर पर ही थे।
पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार शाम व बुधवार सुबह सौरव ने फिर सीने में हल्के दर्द की शिकायत की थी। इसके बाद उन्होंने डॉ. आफताब खान से परामर्श किया। डॉ. खान की सलाह पर सौरव बुधवार को अपोलो अस्पताल आकर भर्ती हो गए थे। सौरव गांगुली को बेहला स्थित उनके घर से अस्पताल ले जाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया गया था।