विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वनडे सीरीज के बाद शुभमन गिल नहीं करेंगे आराम, रणजी ट्रॉफी में पंजाब की उम्मीदों को देंगे बल

Published: Mon, 19 Jan 2026 07:24 PM (IST)

न्यूजीलैंड सीरीज में मात खाने के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल आराम नहीं करेंगे। वह रणजी ट्रॉफी में पंजाब की ...और पढ़ें

शुभमन गिल वनडे सीरीज के बाद नहीं करेंगे आराम

शुभमन गिल वनडे सीरीज के बाद नहीं करेंगे आराम

HighLights

  1. शुभमन गिल नहीं करेंगे आराम

  2. पंजाब के लिए रणजी ट्रॉफी में करेंगे शिरकत

  3. पंजाब की टीम कर रही है संघर्ष

पीटीआई, नई दिल्ली: न्यूजीलैंड के विरुद्ध घरेलू वनडे सीरीज में मिली हार के बाद भारतीय टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल ने आराम न लेने का फैसला किया है। वह गुरुवार से राजकोट में सौराष्ट्र के विरुद्ध पंजाब की ओर से अगला रणजी ट्रॉफी मुकाबला खेलेंगे।

26 वर्षीय गिल ने हाल ही में समाप्त हुई तीन मैचों की वनडे सीरीज के सभी मुकाबले खेले थे, जिसमें भारत को 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, वह भारत की टी-20 विश्व कप टीम का हिस्सा नहीं हैं। इसलिए उन्होंने तुरंत रेड बॉल क्रिकेट में वापसी करने का निर्णय लिया है।

करना चाहते हैं टीम की मदद

गिल पंजाब की नॉक आउट में पहुंचने की बेहद कम उम्मीदों को जिंदा रखने में मदद करना चाहते हैं। पंजाब टीम के करीबी एक सूत्र ने बताया कि वनडे सीरीज के बाद शुभमन ने किसी भी तरह का ब्रेक न लेने का फैसला किया। इंदौर से राजकोट पहुंचने में उन्हें करीब आठ घंटे लगे, क्योंकि सीधी फ्लाइट उपलब्ध नहीं थी। पंजाब फिलहाल ग्रुप बी में पांच मैचों में 11 अंकों के साथ छठे स्थान पर है। लीग के अभी तीन मुकाबले बाकी हैं और पूर्व चैंपियन पंजाब को नॉकआउट में पहुंचने की वास्तविक उम्मीद बनाए रखने के लिए अपने शेष सभी मैचों में सीधे जीत दर्ज करनी होगी।

गिल के आने से मिलेगी मजबूती

ऐसे में शीर्ष क्रम में गिल की मौजूदगी को पंजाब की महत्वाकांक्षाओं के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। सौराष्ट्र के विरुद्ध यह मुकाबला गिल का रेड बॉल क्रिकेट में पहला मैच भी होगा, जब से उन्हें दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध टेस्ट सीरीज के दौरान गर्दन में चोट लगी थी, जिसके चलते वह लंबे समय तक प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से बाहर रहे। उनकी वापसी से पंजाब की बल्लेबाजी लाइन-अप को मजबूती मिलने की उम्मीद है, जो इस सत्र में अब तक अस्थिर रही है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती जिम्मेदारियों के बावजूद भारतीय कप्तान घरेलू क्रिकेट को फार्म और मैच फिटनेस बनाए रखने के लिए हमेशा अहम बताते रहे हैं।

यह भी पढ़ें- 'स्‍कूल लौट जाओ और कप्‍तानी सीखो', Shubham Gill को न्‍यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज हार के बाद लगी जोरदार फटकार

यह भी पढ़ें- IND vs NZ 3rd ODI: आउट ऑफ फॉर्म Rohit Sharma का कप्‍तान Shubman Gill ने किया बचाव, आलोचकों को दिया मुंहतोड़ जवाब