IND vs WI: शुभमन गिल की चोट ने बढ़ा दी टीम इंडिया की टेंशन, मोहम्मद सिराज की गेंद पर चोटिल हुए भारतीय कप्तान
भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल को कोहनी में चोट लगी, जिसके कारण मेजबान टीम चिंतित हुई। गिल करीब 20 मिनट तक मेडिकल टीम की निगरानी में रहे।

शुभमन गिल
HighLights
मोहम्मद सिराज की गेंद पर चोटिल हुए शुभमन गिल
करीब 20 मिनट तक मेडिकल टीम की निगरानी में रहे गिल
रविवार को वेस्टइंडीज के विरुद्ध खेला जाएगा पहला मैच
प्रेट्र, तिरुवनंतपुरम। भारतीय कप्तान शुभमन गिल को शुक्रवार को वेस्टइंडीज के विरुद्ध आगामी वनडे सीरीज से पहले उस समय चोट की आशंका से गुजरना पड़ा, जब तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की उठती हुई गेंद नेट्स पर उनकी कोहनी में जा लगी।
गेंद लगने के बाद गिल काफी दर्द में नजर आए और उन्हें करीब 20 मिनट तक मेडिकल टीम की निगरानी में रहना पड़ा। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने हालांकि बाद में वापसी की और थ्रोडाउन का सामना किया। इसके बाद भारतीय टीम ने अपना अभ्यास सत्र समाप्त कर दिया। गिल की वापसी से टीम को राहत मिली।
'रोको' ने जमकर बहाया पसीना
गिल के चोटिल होने से कुछ मिनट पहले भारतीय क्रिकेट के दो अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा भी नेट्स पर साथ नजर आए। अफगानिस्तान के खिलाफ भारत के पिछले वनडे मुकाबले में नहीं खेलने वाले कोहली और रोहित ने अलग-अलग नेट्स में बल्लेबाजी की।
दोनों ने करीब 20 मिनट तक बल्लेबाजी की और भारतीय गेंदबाजों तथा स्थानीय नेट गेंदबाजों के मिले-जुले गेंदबाजी दल का सामना किया। दोनों बल्लेबाज लय में नजर आए। भारत के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने टीम में मौजूद वरिष्ठ खिलाड़ियों के अनुभव और उनके बीच हो रही बातचीत को अहम बताया।
भारत के लिए सौभाग्य की बात
उन्होंने कहा कि शुभमन गिल ने अब तक कप्तान के रूप में शानदार काम किया है, लेकिन वह टीम को आकार देने में वरिष्ठ खिलाड़ियों की भूमिका में भी पूरा विश्वास रखते हैं। मोर्कल ने कहा कि टीम में मौजूद अलग-अलग खिलाड़ी किसी खास वरिष्ठ खिलाड़ी के साथ अधिक सहज होकर अपनी बात साझा कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि भारत के लिए यह सौभाग्य की बात है कि टीम के पास काफी अनुभव है और खिलाड़ियों के बीच लगातार बातचीत हो रही है। मोर्कल ने बताया कि टीम प्रबंधन युवा खिलाड़ियों को रोहित और अन्य वरिष्ठ खिलाड़ियों से बातचीत करने के अधिक से अधिक अवसर देने की कोशिश करता है।
टीम बैठकों में वरिष्ठ खिलाड़ियों से सवाल पूछने और उनके अनुभव साझा करने के मौके बनाए जाते हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि नेट्स पर बल्लेबाजी कर रहे किसी युवा खिलाड़ी से यह पूछा जा सकता है कि वह रोहित से नई गेंद का सामना करने के दौरान जरूरी चीजों के बारे में बात करे।
वेस्टइंडीज ने अब तक नहीं किया अभ्यास
इस बीच वेस्टइंडीज की टीम 23 सितंबर को तिरुवनंतपुरम पहुंचने के बावजूद अभी तक अभ्यास के लिए मैदान पर नहीं उतरी है। टीम के खिलाड़ियों और बोर्ड के बीच हालिया वित्तीय बदलावों को लेकर बातचीत जारी है। वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने वित्तीय पुनर्गठन के तहत खिलाड़ियों की रिटेनर फीस में 25 प्रतिशत कटौती की घोषणा की है।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के 12 महीने के अनुबंध बरकरार रहेंगे, जबकि घरेलू खिलाड़ियों के रिटेनर अनुबंध घटाकर सात महीने किए जाएंगे। क्रिकेट वेस्टइंडीज के मुख्य कार्यकारी क्रिस डियरिंग ने कहा कि यह कदम वित्तीय स्थिरता की दिशा में जरूरी है।
हालांकि उन्होंने इसे आदर्श स्थिति नहीं बताया। तिरुवनंतपुरम पहुंचे खिलाड़ी बोर्ड और वेस्टइंडीज प्लेयर्स एसोसिएशन के संपर्क में हैं और फैसले से जुड़ी जानकारी की पुष्टि कर रहे हैं।
