यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 09, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
शेन वॉर्न ने बताया.. और तब सचिन के साथ उनका हो गया था मतभेद
वार्न के मुताबिक 2015-16 में अमेरिका में हुए प्रदर्शनी मैचों को लेकर दोनों के बीच मतभेद हो गया था।

नई दिल्ली, प्रेट्र। सचिन तेंदुलकर और शेन वार्न के बीच मैदान पर कड़ी प्रतिस्पर्धा रहती थी लेकिन मैदान के बाहर दोनों का एक-दूसरे के प्रति सम्मान किसी से छुपा नहीं है। हालांकि ऑस्ट्रेलिया के इस पूर्व स्पिनर के मुताबिक 2015-16 में अमेरिका में हुए प्रदर्शनी मैचों को लेकर दोनों के बीच मतभेद हो गया था।
वार्न ने अपनी आत्मकथा नो स्पिन में उस घटना का जिक्र करते हुए लिखा कि उनके और सचिन तेंदुलकर की परिकल्पना से एक सालाना टूर्नामेंट शुरू किया लेकिन उसके प्रबंधन को लेकर दोनों के बीच मतभेद की वजह से पहले सत्र के बाद इसका आयोजन नहीं हो सका।
इस मुद्दे पर जब पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर से संपर्क किया तो उन्होंने कोई भी प्रतिक्रिया देने से इन्कार कर दिया। वार्न ने लीजेंड्स प्रदर्शनी मैचों का जिक्र किया जिसका आयोजन 2015 में न्यूयॉर्क, ह्यूस्टॉन और लॉस एंजिलिस में हुआ था जिसमें ब्रायन लारा, ग्लेन मैक्ग्रा और सौरव गांगुली जैसे दिग्गज खिलाडि़यों ने भाग लिया था।