यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 20, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सरफराज अहमद ने 15 महीने बाद लगाया सिक्स, और पाकिस्तान ने बना दिया ये शर्मनाक रिकॉर्ड
इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच लीड्स में खेले गए पांच मैचों की वनडे सीरीज के आखिरी मुकाबले में एक बार फिर मेजबान टीम ने बाजी मारी।

नई दिल्ली, जेएनएन। इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच लीड्स में खेले गए पांच मैचों की वनडे सीरीज के आखिरी मुकाबले में एक बार फिर मेजबान टीम ने बाजी मारी। इंग्लैंड ने पाकिस्तान को सीरीज और वर्ल्ड कप 2019 से पहले अंतिम मैच में 54 रन से हरा दिया। इसी के साथ इंग्लैंड ने ये सीरीज 4-0 से अपने नाम कर ली क्योंकि सीरीज का पहला मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था। इसी मैच में पाकिस्तान के कप्तान सरफराज खान ने 15 महीने बाद कोई छक्का लगाया।
पाकिस्तान टीम के कप्तान और दाएं हाथ के बल्लेबाज सरफराज खान ने जनवरी 2018 में आखिरी छक्का लगाया। वो सरफराज अहमद के करियर का दसवां छक्का था। लेकिन, 11वां छक्का लगाने के लिए सरफराज अहमद ने 17 पारियां लीं और तब कहीं जाकर उन्होंने छक्का लगाया। सरफराज अहमद ने इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी वनडे में 80 गेंदों में 7 चौके और 2 छक्कों की मदद से 97 रन बनाए। हालांकि, टीम को हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा पाकिस्तान की टीम ने एक शर्मनाकर रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
पाकिस्तान के क्रिकेट के इतिहास में ऐसा दूसरी बार है जब टीम लगातार 10 वनडे मैच हारी है। इसके पहले इमरान खान की कप्तानी में पाकिस्तान की टीम ने 1988 में लगातार 10 वनडे मैच गंवाए थे। इस सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलिया ने दुबई में खेली गई पांच मैचों की वनडे सीरीज में पाकिस्तान का 5-0 से सफाया किया। उस समय भी टीम के कप्तान सरफराज अहमद ही थे। ऐसे में पाकिस्तान के लिए वर्ल्ड कप से पहले ये रिकॉर्ड और आंकड़े चिंता का विषय हैं क्योंकि अगले हफ्ते से इंग्लैंड में ही वर्ल्ड कप खेला जाना है।
इतना ही नहीं, पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन आफरीदी ने भी एक अनचाहा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया है। शाहीन आफरीदी दुनिया के ऐसे पहले गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने लगातार तीन मुकाबलों में 80 या 80 रन से ज्यादा खर्च किए हैं। इस दौरान वो केवल पांच विकेट निकाल पाए हैं, जिसमें आखिरी वनडे में ली गईं चार विकेट भी शामिल हैं।