यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 27, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सनथ जयसूर्या की मौत की खबर सोशल मीडिया पर वायरल, श्रीलंकाई क्रिकेटर ने किया खंडन
सोमवार 27 मई की सुबह श्रीलंकाई क्रिकेटर सनथ जयसूर्या की मौत की खबर आग की तरह फैल गई जो कि बाद में फेक न्यूज़ साबित हुई।

नई दिल्ली, जेएनएन। सोमवार 27 मई की सुबह श्रीलंकाई क्रिकेटर सनथ जयसूर्या की मौत की खबर आग की तरह फैल गई। कुछ ही देर बाद टीम इंडिया कि दिग्गज गेंदबाज आर अश्विन ने भी ट्वीट कर पूछ लिया है कि क्या सनथ जयसूर्या से जुड़ी ऐसी कोई खबर सच है या नहीं। सोशल मीडिया पर वायरल खबर में जिक्र था कि सनथ जयसूर्या की एक सड़क हादसे में मौत हो गई। लेकिन, अब खुद सनथ जयसूर्या ने इस बात का खंडन कर दिया और बताया है कि ये फेक न्यूज है।
साल 1996 में श्रीलंका को वर्ल्ड कप का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज सनथ जयसूर्या की सोशल मीडिया पर वायरल खबर में बताया गया कि टोरंटो में एक कार सड़क हादसे के शिकार हुए है, जिसमें सनथ जयसूर्या की मौत हो गई। आर अश्विन और सनथ जयसूर्या की बायोग्राफी के लेखक चंद्रेश नारायण ने भी इस खबर को फेक बताया है।

उधर, खुद सनथ जयसूर्या ने भी इस खबर को फेक न्यूज बताया है और कहा है कि वे सकुशल हैं। जयसूर्या ने कहा, "मेरे बारे में फैली झूठी खबरों का खंडन करें मैं बिल्कुल स्वस्थ हूं। मैं श्रीलंका में हूं और मैं कनाडा नहीं गया। कृपया गलत खबरों को शेयर ना करें।" बता दें कि सनथ जयसूर्या पर आइसीसी ने दो साल बैन लगाया है। इस बीच वे किसी भी तरह से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का हिस्सा नहीं रह सकते।
सनथ जयसूर्या के क्रिकेट करियर की बात करें तो उन्होंने श्रीलंका के लिए साल 1989 में वनडे डेब्यू किया था। 1989 से उन्होंने साल 2011 तक करीब 22 साल क्रिकेट खेला। इस दौरान उन्होंने वनडे क्रिकेट में 13430 रन बनाए, जिसमें 28 शतक और 68 अर्धशतक शामिल थे। इसके अलावा टेस्ट क्रिकेट में उनके बल्ले से 110 मैचों की 188 पारियों में 6973 रन निकले हैं।
इस फॉर्मेट में सनथ जयसूर्या ने 3 दोहरे शतक, 14 शतक और 31 अर्धशतक लगाए हैं। हालांकि, टी20 करियर सनथ जयसूर्या का उतना अच्छा नहीं रहा। सनथ जयसूर्या ने क्रिकेट के इस प्रारूप में 31 मैच खेले, जिसमें 4 अर्धशतकों के साथ उन्होंने 629 रन बनाए हैं। इतना नहीं नहीं, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सनथ जयसूर्या के नाम 400 से ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड दर्ज है।