धौनी का धैर्य और विराट की आक्रामकता चाहते हैं रहाणे
अजिंक्य रहाणे ने कहा कि जब वह सीमित ओवरों की आगामी सीरीज में कप्तान की भूमिका निभाएंगे तो महेंद्र सिंह धौनी का धैर्य और विराट कोहली की नियंत्रित आक्रामकता को अपने अंदर लाना चाहेंगे। रहाणे टीम इंडिया के लिए कई कप्तानों की अगुआई में खेले हैं, जिसमें राहुल द्रविड़, धौनी
नई दिल्ली। अजिंक्य रहाणे ने कहा कि जब वह सीमित ओवरों की आगामी सीरीज में कप्तान की भूमिका निभाएंगे तो महेंद्र सिंह धौनी का धैर्य और विराट कोहली की नियंत्रित आक्रामकता को अपने अंदर लाना चाहेंगे। रहाणे टीम इंडिया के लिए कई कप्तानों की अगुआई में खेले हैं, जिसमें राहुल द्रविड़, धौनी और कोहली शामिल हैं।
रहाणे से जब यह पूछा कि वे इनसे क्या लेना चाहते हैं तो उन्होंने कहा कि सबसे पहले धौनी की अगुआई में खेलकर मैंने यह जाना कि वह मैदान पर इतने धैर्य के साथ कैसे रहते हैं। उनके पास स्थिति से निपटने के लिए काफी सटीक और धैर्यपूर्ण तरीका है। मैं उनका यह गुण लेना चाहूंगा। मैं विराट कोहली से नियंत्रित आक्रामकता लेना चाहूंगा। आप इस गुण को उनकी बल्लेबाजी और कप्तानी में देख सकते हैं।
दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने कहा, और अंत में राहुल भाई ऐसे व्यक्ति हैं, जो मैदान पर चीजों को काफी सादगी के साथ रखना चाहते हैं। राजस्थान रॉयल्स में उनके मार्गदर्शन में खेलकर मैंने यह सीखा है। अतीत में मुंबई की अंडर 19 टीम की कप्तानी कर चुके 27 वर्षीय बल्लेबाज ने कहा कि जहां तक कप्तानी का सवाल है तो उनकी अपनी योजनाएं हैं।