Move to Jagran APP

IPL 2021 के बाकी बचे सीजन की तैयारी शुरू, सभी भारतीय खिलाड़ी पहुंचे यूएई

IPL 2021 के बाकी बचे मैचों की शुरुआत 19 सितंबर से हो रही है। इसी के लिए भारतीय खिलाड़ी यूएई पहुंच गए हैं क्योंकि वे मैनचेस्टर से सीधे यूएई और अबू धाबी के लिए पहुंचे हैं। भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां टेस्ट स्थगित हो गया था।

By Vikash GaurEdited By: Sun, 12 Sep 2021 11:20 AM (IST)
IPL 2021 के बाकी बचे सीजन की तैयारी शुरू, सभी भारतीय खिलाड़ी पहुंचे यूएई
IPL के लिए यूएई पहुंचे भारतीय खिलाड़ी (फोटो ट्विटर)

 नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) में खेलने के लिए अनुबंधित भारतीय क्रिकेटर आरटी-पीसीआर जांच में दो दिन में दूसरी बार नेगेटिव आने के बाद मैनचेस्टर से चार्टर्ड और व्यावसायिक उड़ान से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के लिए रवाना हुए। खिलाड़ियों की संबंधित फ्रेंचाइजी ने उनकी यात्रा का इंतजाम कराया और लगभग सभी खिलाड़ी यूएई पहुंच गए हैं। शनिवार और फिर आज यानी रविवार को खिलाड़ी यूएई पहुंचे।

मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाड़ी चार्टर्ड उड़ान से रवाना हुए, जिसका इंतजाम उनकी फ्रेंचाइजी ने किया, जबकि चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) के क्रिकेटरों ने व्यावसायिक उड़ान ली। भारतीय खेमे में कोविड-19 के मामले आने के बाद भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां टेस्ट अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया, जिसके बाद खिलाड़ियों ने 19 सितंबर से बहाल होने वाले आइपीएल के इस चरण के बचे मैचों के लिए जल्दी रवाना होना शुरू कर दिया।

बीसीसीआइ के एक सीनियर अधिकारी ने कहा, "अच्छी खबर यह है कि सभी खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ के सदस्य आरटी-पीसीआर की दूसरी जांच में नेगेटिव आए हैं। रिपोर्ट शुक्रवार को देर शाम में आई और इनमें से ज्यादातर आइपीएल के लिए दुबई पहुंचने के लिए निकल चुके हैं। आइपीएल में नहीं खेलने वाले दो खिलाड़ी अभिमन्यु ईश्वरन और अर्जन नागवासवाला बाकी के सहयोगी स्टाफ के साथ सोमवार को रवाना होंगे और वे दुबई से भारत में अपने-अपने शहरों के लिए उड़ान भरेंगे। वे व्यावसायिक उड़ान से जाएंगे।"

मुंबई इंडियंस ने कहा, "भारतीय दल में मुंबई इंडियंस के तीन सदस्य कप्तान रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह और सूर्यकुमार यादव निजी चार्टर्ड उड़ान से अबू धाबी के लिए रवाना हुए। ये तीनों अपने परिवार के साथ सुबह पहुंच गए और आइपीएल के दिशानिर्देशों के अनुसार अब छह दिन के कड़े क्वारंटाइन में रहेंगे। सभी सदस्य रवानगी पूर्व आरटी-पीसीआर की जांच में नेगेटिव आए हैं। अबू धाबी में पहुंचने के बाद एक और आरटी-पीसीआर परीक्षण किया गया, जिसकी रिपोर्ट भी नेगेटिव आई है।"

उधर, रायल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली और उनकी टीम के तेज गेंदबाज मुहम्मद सिराज भी मैनचेस्टर से चार्टर्ड उड़ान के जरिए यूएई पहुंच गए हैं। फ्रेंचाइजी ने कहा, "हमारे खिलाड़ियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए आरसीबी ने कप्तान विराट कोहली और मुहम्मद सिराज के लिए विशेष चार्टर्ड उड़ान का इंतजाम किया, ताकि वे संयुक्त अरब अमीरात तक पहुंचने में सुरक्षित रहें।" विराट और रविवार की तड़के सुबह दुबई पहुंचे।

इसके अलावा चेन्नई सुपर किंग्स ने भी जानकारी दे दी है कि शार्दुल ठाकुर, चेतेश्वर पुजारा, मोइन अली और रवींद्र जडेजा ने टीम को ज्वाइन कर लिया है, लेकिन सैम कुर्रन की जानकारी नहीं दी है। इसके अलावा दिल्ली कैपिटल्स के रिषभ पंत, उमेश यादव, अजिंक्य रहाणे, आर अश्विन, इशांत शर्मा, अक्षर पटेल और पृथ्वी शा भी यूएई पहुंच गए हैं।