यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 17, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अपने गेंदबाजों के भरोसे पहले वनडे में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भाग्य बदलने उतरेगा पाकिस्तान
वनडे क्रिकेट में पाकिस्तान को अपने तेज गेंदबाजों से उम्मीदें होंगी, जो उछाल भरी पिच पर दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजी क्रम को परेशान कर सकते हैं।

पोर्ट एलिजाबेथ। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शनिवार से शुरू हो रही पांच मैचों की वनडे सीरीज में पाकिस्तान भाग्य बदलने के लिए उतरेगा। मेहमान टीम को हाल ही में हुई टेस्ट सीरीज में शिकस्त का सामना करना पड़ा था। वनडे क्रिकेट में पाकिस्तान को अपने तेज गेंदबाजों से उम्मीदें होंगी, जो उछाल भरी पिच पर दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजी क्रम को परेशान कर सकते हैं। दोनों ही टीमों के लिए यह सीरीज बेहद अहम होगी, क्योंकि इंग्लैंड में होने वाला आइसीसी वनडे विश्व कप नजदीक है।
पाकिस्तान के कोच मिकी ऑर्थर ने कहा कि हमारे पास वनडे क्रिकेट की एक बेहतर टीम है। पाकिस्तान इस सीरीज में अच्छा प्रदर्शन कर सकता है, क्योंकि 2017 इंग्लैंड में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद पाकिस्तान ने बेहद ही शानदार प्रदर्शन वनडे क्रिकेट में किया है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका को एक वर्षा बाधित मुकाबले में हराया है, तो उनका इस दौरान जीत और हार का अनुपात 17-10 का रहा है।
हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने वाले मुहम्मद हफीज की मौजूदगी से पाकिस्तान की बल्लेबाजी मजबूत हुई है। वहीं उनके पास शोएब मलिक जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी हैं। वहीं स्पिनरों में शादाब खान और इमाद वसीम महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। वहीं उनके पास फखर जमां जैसा आक्रमक बायें हाथ का बल्लेबाज भी है।