यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 27, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Ind vs NZ: न्यूजीलैंड पुलिस ने भारतीय क्रिकेट टीम पर मजाकिया चेतावनी जारी की
न्यूजीलैंड पुलिस ने भारतीय टीम के दबदबे को बेजोड़ और दिलचस्प तरीके से दर्शाते हुए अपने नागरिकों के लिए मजाकिया चेतावनी जारी की है।

माउंट माउंगानुई, प्रेट्र। न्यूजीलैंड की ईस्टर डिस्टि्रक्स पुलिस ने मेजबान टीम के खिलाफ मौजूदा वनडे सीरीज में भारतीय टीम के दबदबे को बेजोड़ और दिलचस्प तरीके से दर्शाते हुए अपने नागरिकों के लिए मजाकिया चेतावनी जारी की है। भारत ने नेपियर में पहले वनडे में न्यूजीलैंड को आठ विकेट से हराने के बाद दूसरा वनडे 90 रन से जीतकर पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाई है। इसके बाद ईस्टर डिस्टि्रक्ट पुलिस ने सोशल मीडिया पर मेहमान टीम की तारीफ की।
भारतीय क्रिकेट टीम की तस्वीर के साथ ईस्टर डिस्टि्रक्ट पुलिस ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा, 'पुलिस फिलहाल देश की यात्रा पर आए एक समूह के सदस्यों के कारनामों को लेकर जनता को चेतावनी जारी करना चाहती है। चश्मदीदों ने नेपियर और माउंट माउंगानुई दोनों जगह इस समूह द्वारा मासूम दिख रहे न्यूजीलैंड के लोगों को बुरी तरह पीटने की शिकायत की है। उन लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है जो ऐसी कोई चीज लेकर जा रहे हैं जो क्रिकेट के बल्ले या गेंद की तरह नजर आती है।'
प्रशंसकों को यह पोस्ट काफी पसंद आई है और न्यूजीलैंड के पूर्व ऑलराउंडर स्कॉट स्टाइरिस ने अपने ट्विटर अकाउंट पर इस मजाकिया चेतावनी का स्क्रीनशॉट साझा करते हुए लिखा, 'बेहद चतुराईभरा।' भारतीय टीम अब अपना तीसरा वनडे मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ सोमवार को खेलेगी। टीम इंडिया के पास इस सीरीज को जीतने का शानदार मौका है।