भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए न्यूजीलैंड टीम का एलान, तूफानी तिकड़ी की हुई वापसी
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने भारत के खिलाफ आगामी पांच मैचों की वनडे सीरीज के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी ...और पढ़ें

न्यूजीलैंड क्रिकेट ने किया टीम का एलान

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने रविवार को भारत के खिलाफ अगले महीने खेली जाने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम का एलान कर दिया है। सेलेक्टर्स ने इस टीम में तीन खिलाड़ियों को वापस बुलाया है जो अपने तूफानी खेल के लिए जाने जाते हैं। इनमें से एक गेंदबाज है तो वहीं दो बल्लेबाज।
सेलेक्टर्स ने तूफानी गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन को टीम में मौका दिया। उनके अलावा फिन एलन और टिम सेइफर्ट जैसे तूफानी बल्लेबाजों को भी वनडे टीम में वापस बुलाया गया है। न्यूजीलैंड ने दो टीम चुनी हैं। एक टीम शुरुआती तीन वनडे मैचों के लिए चुनी है तो वहीं दूसरी आखिरी के दो मैचों के लिए।
2023 के बाद हुई वापसी
हालांकि, कप्तान मिचेल सैंटनर ही होंगे। आखिरी दो वनडे मैचों के लिए सात नए खिलाड़ी टीम में जुड़ेंगे क्योंकि कुछ खिलाड़ी टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए वेलिंग्टन निकल जाएंगे। इस टीम में रचिन रवींद्र की भी वापसी हुई है जो कंधे की चोट के कारण बाहर थे। हालांकि, वह टी20 टीम का हिस्सा नहीं हैं।
फर्ग्यूसन और एलन ने साल 2023 से न्यूजीलैंड के लिए वनडे नहीं खेला है। वह आखिरी बार इस फॉर्मेट में वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में खेले थे जो भारत के खिलाफ ही था। वहीं सेइफर्ट ने अपना आखिरी मैच 18 महीने पहले पाकिस्तान के खिलाफ घर में खेला था। इन दोनों के साथ सेइफर्ट आखिरी दो मैचों के लिए टीम के साथ जुड़ेंगे। वहीं रवींद्र को शुरुआती तीन मैचों के लिए टीम में शामिल किया गया है। इसके बाद वह टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए निकल जाएंगे।
ये खिलाड़ी हुए बाहर
सीरीज से पहले ही न्यूजीलैंड के लिए अच्छी खबरें नहीं आई थीं। उसके तीन खिलाड़ी पहले ही चोट के कारण बाहर हो गए हैं। जैक फॉल्कस को लेकर पहले खबर आई थी कि वह सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। विल औ राउर्के भी चोट के कारण वनडे और टेस्ट दोनों टीमों से बाहर हैं। बेन सीर्यस भी चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे क्योंकि वह भी चोट से उबर रहे हैं।
भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए न्यूजीलैंड टीम:
शुरुआती तीन वनडे मैचों के लिए- मिचेल सैंटनर (कप्तान), मिचेल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवन कॉन्वे, जैकब डफी, मैट हेनरी, काइल जेमिसन, टॉम लैथम, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, नाथन स्मिथ, विल यंग, ब्लेयर टिकनेर।
आखिरी दो वनडे मैचों के लिए- मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, मिचेल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, लॉकी फर्ग्यूसन, मिचेल हे (विकेटकीपर), निक केली, टिम सेइफर्ट (विकेटकीपर), ब्लेयर टिकनेर, विल यंग।
यह भी पढ़ें- न्यूजीलैंड के लिए फिर आई बुरी खबर, ये तेज गेंदबाज नहीं खेल पाएगा वनडे और टेस्ट सीरीज
यह भी पढ़ें- भारत ने न्यूजीलैंड दौरे के लिए T20I स्क्वाड का किया एलान, भुवनेश्वर कुमार की हुई वापसी
