यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 05, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मैदान पर अंपायर से भिड़ गए नमन ओझा, 20 मिनट तक रुका रहा खेल
मैदान पर नमन ओझा ने अपना आपा खो दिया और अंपायर से उलझ पड़े।

नई दिल्ली, जेएनएन। विजय हजारे ट्रॉफी के ग्रुप बी के मुकाबले में मध्यप्रदेश के विकेटकीपर-बल्लेबाज नमन ओझा मैच के दौरान अंपायर से भिड़ गए। उन्होंने मैदान पर अंपायर के साथ बदसलूकी की और उनके खराब व्यवहार की वजह से मैच को 20 मिनट तक रोका गया। ये मैच मध्यप्रदेश और दिल्ली के बीच खेला जा रहा था जिसमें नमन की टीम मध्यप्रदेश को हार का सामना करना पड़ा।
मैच के 28वें ओवर में ये विवाद हुआ। दरअसल स्पिनर रमीज खान की गेंद पर राणा ने स्वीप शॉट खेला और स्क्वायर लेग पर फील्डर ने कैच लपक लिया, जिस पर मध्यप्रदेश के खिलाड़ी विकेट का जश्न मनाने लगे जबकि राणा क्रीज पर जमे रहे। अंपायर राजीव गोदरा ने स्क्वायर लेग अंपायर नवदीप सिंह के साथ चर्चा की और तीसरे अंपायर से निर्णायक फैसला देने का इशारा किया। रिप्ले देखने वाले अंपायर ने नितीश राणा को नॉटआउट करार दिया, जिसके बाद ओझा अपना आपा खो बैठे।
नमन ओझा ने गुस्से में आकर अंपायर गोदरा की तरफ उंगली दिखाई और उनके झड़प करने लगे। इसकी वजह से मैच करीब 20 मिनट तक रुका रहा। इस विवाद को देखकर मैच रेफरी गोयल मैदान पर आए और उन्होंने मामले को शांत कर मैच को फिर से शुरू करवाया। मैच दोबारा शुरू हुआ और दिल्ली ने मध्यप्रदेश को जीत के लिए 285 रन का लक्ष्य दिया। जीत के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मध्यप्रदेश की टीम 209 रन पर ऑल आउट हो गई। नमन भारत के लिए एक टेस्ट, एक वनडे और दो टी20 मैच खेल चुके हैं। अब इस बात की उम्मीद जताई जा रही है कि अंपायर के साथ इस तरह का बर्ताव करने की वजह से उन्हें सजा भी मिल सकती है।