आइपीएल की सबसे सफल टीम से छूट गया इस दिग्गज का हाथ, जानिए क्या है बात
मुंबई इंडियंस से इस पूर्व खिलाड़ी का साथ छूट गया।
मुंबई, पीटीआइ। तीन बार आइपीएल का खिताब अपने नाम करने वाली मुंबई इंडियंस ने गुरुवार को फील्डिंग कोच जोंटी रोड्स के साथ अपने रास्ते अलग कर लिए हैं। मुंबई ने उनके स्थान पर आने वाले 2018 सत्र के लिए न्यूजीलैंड के जेम्स पैम्मेंट के साथ करार किया है।
फ्रेंचाइजी की तरफ से बताया गया है कि रोड्स अपने व्यवसाय के लिए ज्यादा समय देना चाहते हैं। टीम के मालिक आकाश अंबानी ने रोड्स की सराहना करते हुए कहा कि टीम की सफलता में उनका अहम योगदान रहा है। आपको बता दें कि मुंबई ने पिछले साल आइपीएल के 10वें सत्र का खिताब अपने नाम किया था।
मुंबई इंडियंस की ओर से कहा गया है कि रोड्स मुंबई इंडियंस के मजबूत स्तंभ रहे हैं। उनके योगदान को शब्दों में जाहिर नहीं किया जा सकता। हम उनके फैसले का सम्मान करते हैं और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं। वह हमेशा मुंबई इंडियंस के परिवार का हिस्सा रहेंगे। मुंबई इंडियंस की तरफ से कहा गया कि हम जेम्स का टीम में स्वागत करते हैं। उनके पास अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव है। उन्होंने न्यूजीलैंड क्रिकेट के साथ काम भी किया है।
वहीं, मुंबई इंडियंस के साथ जुड़े जेम्स ने कहा कि यह मेरे लिए चुनौती है और साथ ही मेरे लिए यह मौका है कि मैं रोड्स जैसे शानदार खिलाड़ी की जिम्मेदारियों को पूरा कर सकूं।