विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 28, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

फिक्सिंग पर मौन धौनी, सिर्फ चैम्पियंस ट्रॉफी पर निकली आवाज

By Edited By:
Published: Tue, 28 May 2013 07:31 PM (IST)Updated: Tue, 28 May 2013 07:44 PM (IST)

मुंबई। इंडियन प्रीमियर लीग [आइपीएल] फाइनल से पहले और बाद में मीडिया का सामना करने से बचने वाले भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने मंगलवार को इस टी-20 लीग को झकझोरने वाले स्पॉट फिक्सिंग प्रकरण पर चुप्पी साधे रखी। आइसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए इंग्लैंड रवाना होने से पहले हुई प्रेस कांफ्रेंस में धौनी ने स्पॉट फिक्सिंग से जुड़े सवाल को टाल दिया।

News Article Hero Image

मुंबई। इंडियन प्रीमियर लीग [आइपीएल] फाइनल से पहले और बाद में मीडिया का सामना करने से बचने वाले भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने मंगलवार को इस टी-20 लीग को झकझोरने वाले स्पॉट फिक्सिंग प्रकरण पर चुप्पी साधे रखी। आइसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए इंग्लैंड रवाना होने से पहले हुई प्रेस कांफ्रेंस में धौनी ने स्पॉट फिक्सिंग से जुड़े सवाल को टाल दिया।

उम्मीद के मुताबिक बीसीसीआइ ने संवाददाता सम्मेलन में हिस्सा ले रहे पत्रकारों को पहले ही फरमान जारी कर दिया कि स्पॉट फिक्सिंग प्रकरण पर सवाल नहीं पूछे जाएंगे। धौनी से जब पूछा गया कि भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान होने के नाते उन्होंने प्रतिक्रिया क्यों नहंी दी तो मीडिया मैनेजर डॉ. आरएन बाबा ने पत्रकार को कप्तान से आगे सवाल पूछने से रोक दिया और चैंपियंस ट्रॉफी से जुड़े सवाल पूछने को ही कहा।

डॉ. बाबा तमिलनाडु क्रिकेट संघ के अधिकारी हैं और श्रीनिवासन के करीबी लोगों में से एक हैं। पिछले सत्र में भी उन्होंने अधिकांश समय मीडिया मैनेजर की भूमिका निभाई। उनका बेटा अपराजित भारतीय अंडर-19 क्रिकेटर और सीएसके का अनुबंधित खिलाड़ी है। धौनी से जब एक अन्य सवाल पूछा गया कि उनके और टीम के लिए क्रिकेट प्रेमियों का भरोसा इस बात पर बनाए रखना कितना मुश्किल होगा कि चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान सब कुछ 'उचित' हो रहा है तो भारतीय कप्तान थोड़ा रुकने के बाद हल्का सा मुस्कुरा दिए। इसके बाद डॉ. बाबा ने दोबारा धौनी को मुश्किल से निकालते हुए पत्रकार को आगे सवाल नहीं पूछने दिया।

जहां तक क्रिकेट से जुड़े सवालों का संबंध था तो भारतीय कप्तान ने नियमित जवाब दिए जैसा कि वह पिछले छह साल से अधिकांश समय करते आए हैं। धौनी ने कहा कि तेज गेंदबाजी विभाग में उनके पास 'अच्छा मिश्रण' है जो इंग्लैंड में चैंपियंस ट्रॉफी में तेज गेंदबाजों की अनुकूल परिस्थितियों का लाभ उठा सकता है। भुवनेश्वर कुमार ने देश की तरफ से खेलने के जो भी मौके मिले उनमें प्रभावित किया। उमेश यादव पूरी तरह फिट हो चुके हैं और इशांत शर्मा ने आइपीएल में अच्छा प्रदर्शन किया। इंग्लैंड में इन तीनों की भूमिका अहम होगी।

धौनी ने कहा, 'जब तेज गेंदबाजी विभाग की बात होती है तो हमारे पास ऐसे गेंदबाज हैं जो परिस्थितियों का फायदा उठा सकते हैं। भुवनेश्वर जैसे गेंदबाज स्विंग करा सकते हैं। हमारे पास उमेश है जो काफी तेज गेंदबाजी करता है। यह अच्छा विभाग है। उन्हें नए वनडे नियमों से तालमेल बिठाने की जरूरत है। यह महत्वपूर्ण है कि वे लेंथ और सही क्षेत्र में गेंदबाजी करने से कितनी जल्दी तालमेल बिठाते हैं। हमारे पास अच्छा मिश्रण है।' भारतीय कप्तान ने कहा, 'अभी तक फिजियो की रिपोर्ट के अनुसार कोई खिलाड़ी चोटिल नहीं है जो अच्छा संकेत है।'

भारत को चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के साथ ग्रुप बी में रखा गया है। पाकिस्तान के खिलाफ 15 जून को होने वाले मैच पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी। धौनी ने कहा, 'दोनों टीमें संतुलित हैं। सईद अजमल रहस्यमयी गेंदबाज है और हमें उस पर निगाह रखनी होगी।'

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।