आशीष नेहरा ने चुनी अपनी फेवरेट World Cup इलेवन, धोनी को बनाया टीम का कप्तान
world cup के लिए आशीष नेहरा ने अपनी पंसदीदा ग्यारह खिलाड़ियों का चयन किया जिसमें उन्होंने धोनी को टीम की कप्तान बनाया।
नई दिल्ली, जेएनएन। World Cup 2019: ICC cricket world cup 2019 लगभग खत्म होने को है। इस विश्व कप में टीम इंडिया का सफर सेमीफाइनल में ही खत्म हो गया था। अब टीम इंडिया के पूर्व गेंदबाज आशीष नेहरा ने इस विश्व कप के लिए अपनी फेवरेट टीम का चयन किया है जिसमें उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी को टीम का कप्तान बनाया है।
नेहरा ने अपनी टीम में ओपनर के तौर पर रोहित शर्मा व डेविड वार्नर को चुना है। ये दोनों अब तक विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पहले और दूसरे स्थान पर मौजूद हैं। वहीं बाएं हाथ और दाएं हाथ की बल्लेबाजी भी इसके पीछे अहम वजह है। वहीं तीसरे नंबर के लिए नेहरा ने विराट कोहली को अपनी टीम में चुना है। इस टीम में चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए केन विलियमसन को शामिल किया गया है वहीं पांचवें नंबर पर बेहदरीन ऑल राउंडर शाकिब अल हसन शामिल किए गए हैं। टीम में विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर धोनी हैं जबकि अन्य ऑलराउंडर के तौर पर टीम में बेन स्टोक्स का नाम शामिल है।
नेहरा की टीम में तीन तेज गेंदबाज हैं जिनमें जोफ्रा आर्चर, जसप्रीत बुमराह व मिचेल स्टार्क शामिल हैं। युजवेंद्र चहल को टीम में बतौर स्पिनर जगह दी गई है। नेहरा की टीम में भारत के पांच खिलाड़ी जबकि इंग्लैंड व ऑस्ट्रेलिया के दो-दो और न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के एक-एक खिलाड़ी शामिल किया गया है।
विश्व कप के लिए आशीष नेहरा की फेवरेट प्लेइंग इलेवन
रोहित शर्मा, डेविड वॉर्नर, विराट कोहली, केन विलियमसन, शाकिब अल हसन, महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), बेन स्टोक्स, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह, जोफ्रा आर्चर, मिचेल स्टार्क।