मोहम्मद नवाज पर मंडराया क्रिकेट से बैन का खतरा, ड्रग्स टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद ICC को दिया जवाब
पाकिस्तान के ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज डोप टेस्ट में फेल होने के बाद बुरी तरह से फंसते हुए दिखाई दे रहे हैं। उनके ऊपर बैन लगने का खतरा मंडरा रहा है।

मोहम्मद नवाज
HighLights
मोहम्मद नवाज डोप टेस्ट में पाए गए पॉजिटिव
टी20 विश्व कप 2026 के दौरान का मामला
नवाज ने आईसीसी को दिया जवाब
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान के अनुभवी ऑलराउडंर मोहम्मद नवाज डोपिंग टेस्ट के बाद बुरी तरह से फंसते हुए नजर आ रहे हैं। टी20 विश्व कप 2026 के दौरान नवाज का डोप टेस्ट हुआ था, जिसमें वे पॉजिटिव पाए गए हैं। आईसीसी ने इसकी जानकारी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को भी दी है। अब इस मामले पर नवाज का बयान सामने आया है।
नवाज का कहना है कि उन्होंने किसी भी प्रकार का ड्रग्स इस्तेमाल नहीं किया है। पाकिस्तान खिलाड़ी ने दावा किया है कि उन्होंने किसी भी तरह की ऐसी दवाओं का भी इस्तेमाल नहीं किया है, जो आईसीसी द्वारा प्रतिबंधित है। बता दें कि इस मामले की जांच पीसीबी भी कर रही है। अगर नवाज इसमें दोषी पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो सकती है और उन्हें बैन भी झेलना पड़ सकता है।
मोहम्मद नवाज ने दी प्रतिक्रिया
सूत्रों के अनुसार, नवाज ने दावा किया है कि वे किसी भी प्रकार की नशीली दवाओं या प्रतिबंधित पदार्थों का जानबूझकर इस्तेमाल नहीं करते। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य संबंधी समस्या के लिए कुछ दवाइयां ली थीं, लेकिन उनमें कोई ऐसी दवाई नहीं थी, जिसे आईसीसी ने बैन किया हो। इंडिया टुडे से बात करते हुए पीसीबी के एक सूत्र ने कहा, "नवाज ने स्पष्ट रूप से इंकार किया है कि उन्होंने कोई ड्रग्स या बैन वाली चीजें लीं। उन्होंने सिर्फ स्वास्थ्य की दवाओं का जिक्र किया है।"
ICC और PCB कर रहे हैं मामले की जांच
आईसीसी और पीसीबी दोनों इस मामले की जांच कर रहे हैं। नवाज़ को अभी पाकिस्तान सुपर लीग में मुल्तान सुल्तानों की टीम के लिए खेलने की अनुमति है। वे वहां अच्छा प्रदर्शन भी कर रहे हैं। हालांकि, आईसीसी जल्द ही पीसीबी को अपना अगला कदम बताने वाला है। अगर नवाज का जवाब आईसीसी को संतोषजनक नहीं लगा, तो उन्हें क्रिकेट से बैन का सामना करना पड़ सकता है।
पाकिस्तान क्रिकेट में डोपिंग का इतिहास
पाकिस्तान क्रिकेट में यह पहला डोपिंग मामला नहीं है। साल 2006 में तेज गेंदबाज मोहम्मद आसिफ और शोएब अख्तर पर भी प्रतिबंधित पदार्थ लेने का आरोप लगा था। उन्हें आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी से घर भेज दिया गया था, लेकिन बाद में अपील पर बैन हटा लिया गया था। इसके अलावा, स्पिनर रजा हसन, यासिर शाह और बल्लेबाज अहमद शहजाद भी डोप टेस्ट फेल होने के कारण बैन झेल चुके हैं।
