यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 24, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भारत के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच के लिए इस खिलाड़ी की ऑस्ट्रेलिया टीम में हो सकती है वापसी!
कंगारू कोच का कहना है कि टीम के संतुलन को ध्यान में रखते हुए ही अंतिम ग्यारह खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।

विशेष संवाददाता, मेलबर्न। टिम पेन और विराट कोहली के बीच पर्थ टेस्ट में हुई शाब्दिक जंग कोच जस्टिन लेंगर को ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के शीर्ष दिनों की याद दिलाती है जो इसे ऑस्ट्रेलियाई मजाक की झलक के रूप में देखते हैं।
लेंगर ने कहा, मुझे यह देखकर अच्छा लगा। हमें इसमें ऑस्ट्रेलियाई मजाक की झलक नजर आई, इसे छींटाकसी कह लो, बहस या जो आपको पसंद हो। इसमें थोड़ा मजाक था और हमें इसके लिए खुद पर गर्व है। मैंने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के जो शानदार दिन देखे हैं, यह उसी की तरह है। इसमें इतना अधिक मजा है, यही कारण है कि जब लोग मुझे कहते हैं कि मैदान पर कोई बात नहीं होनी चाहिए तो मैं कहता हूं कि यह इसे उबाऊ बना देगा, जैसे सपाट पिच पर खेलना। इसके लिए गुस्सा होने की जरूरत नहीं है, अभद्र होने की जरूरत नहीं है। लेकिन, जब इस तरह का मजाक होता है तो हमे खुद के लिए खड़े होने का मौका भी मिलता है। यह बेहद महत्वपूर्ण है। यह चीजों को करने का ऑस्ट्रेलियाई तरीका भी है। मुझे लगता है कि टिम ने इसे जिस तरह किया, उससे मैं टिम की कप्तानी से प्रभावित हूं।
हैंड्सकोंब की जगह खेल सकते हैं मिशेल मार्श
ऑस्ट्रेलियाई टीम तीसरे टेस्ट में खराब फॉर्म से जूझ रहे पीटर हैंड्सकोंब की जगह ऑलराउंडर मिशेल मार्श को टीम में मौका दे सकती है। लेंगर ने कहा, एक बेहद संतुलित टीम में आपके पास ऐसा खिलाड़ी होना चाहिए जो कुछ ओवर फेंक सके। इसलिए संभवत: एडिलेड और पर्थ के समान नहीं होने वाले विकेट पर वह महत्वपूर्ण हो सकता है। कोच ने कहा कि दोनों खिलाडि़यों के अपने मजबूत पक्ष हैं और टीम के संतुलन में ध्यान में रखते हुए अंतिम फैसला किया जाएगा। लेंगर ने ऑफ स्पिनर नाथन लियोन की जमकर तारीफ की, जो दो टेस्ट में 16 विकेट चटका चुके हैं।
पिच की रेटिंग पर जताई हैरानी
लेंगर ने हैरानी जताई कि आइसीसी ने पर्थ की पिच को 'औसत' करार दिया, लेकिन वह तीसरे टेस्ट के लिए मेलबर्न की पिच में सुधार के प्रयासों से खुश हैं। उन्होंने कहा, मैं बेहद हैरान था (पर्थ की रेटिंग को लेकर)। कुछ गेंद नीची रहीं, लेकिन मुझे लगता है कि यह रोमांचक टेस्ट क्रिकेट था। यह पर्थ की सबसे तेज पिच थी, जो मैंने देखी और मैं लंबे समय से इसे देख रहा हूं।
एमसीजी की पिच के बारे में लेंगर ने कहा, पिच पर कुछ घास देखकर अच्छा लग रहा है। मैं हमेशा से कहता आया हूं कि टेस्ट क्रिकेट में सबसे महत्वपूर्ण चीज पिच है। अगर आपके पास शानदार पिच होगी तो गेंद और बल्ले के बीच मुकाबला होगा और फिर टेस्ट क्रिकेट जीवंत रहेगा और अच्छा करेगा। अगर हम सपाट पिचों पर खेलेंगे तो फिर यह उबाऊ मैच हो जाएगा। उम्मीद करते हैं कि गेंद और बल्ले के बीच मुकाबला होगा, क्योंकि यह महत्वपूर्ण है, इस सीरीज के लिए ही नहीं, बल्कि विश्व क्रिकेट के लिए भी।