यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 23, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मेलबर्न की पिच के बारे में ये कहा क्यूरेटर ने, विराट जरूर हुए होंगे खुश
पिछले एशेज सीरीज के दौरान मेलबर्न पिच की काफी आलोचना हुई थी।

मेलबर्न। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में बुधवार से शुरू होने वाले बॉक्सिंग-डे टेस्ट की ओर पूरा क्रिकेट जगत देख रहा है, लेकिन यहां के क्यूरेटर मैट पेज ने इसको लेकर अपने ऊपर अतिरिक्त दबाव से इन्कार नहीं किया। पिछले साल यहां हुए एशेज सीरीज के मुकाबले की खराब पिच के कारण ऑस्ट्रेलिया को दुनियाभर में बदनामी झेलनी पड़ी थी। आइसीसी मैच रेफरी ने इसे खराब बताते हुए जुर्माना लगाया था। उस मैच में 400 ओवर में सिर्फ 24 विकेट गिरे थे। इसके बाद यहां के क्यूरेटर को बदलकर पेज को लगाया गया था।
पेज ने कहा कि चाहे आपका पूरा साल अच्छा गया हो या नहीं, एक जैसा ही दबाव रहता है। निश्चित रूप से थोड़ा दबाव है, लेकिन साथ ही बहुत उत्साह भी है। यह अच्छी पिच होगी। हम जहां पर हैं उससे बहुत खुश हैं। मौसम अच्छा लग रहा है इसलिए दिक्कत की संभावना कम है। मुझे लगता है कि यहां पर तेज गेंदबाजों के साथ-साथ बल्लेबाजों और स्पिनरों के लिए बहुत कुछ होगा। यहां पर पर्थ जैसा उछाल तो नहीं होगा, लेकिन तेज गेंदबाज अच्छा कर सकेंगे। पर्थ की पिच में अलग मिट्टी का इस्तेमाल होता है और यहां पर अलग, इसलिए आप हर जगह अलग पिच देखेंगे।
एमसीजी में हुए पिछले चार में से दो टेस्ट ड्रॉ हुए हैं। पिछले साल यहां एक भी प्रथम श्रेणी मुकाबले का परिणाम नहीं निकला था। इस साल यहां पर एक प्रथम श्रेणी मुकाबले का परिणाम निकला, जिसमें विक्टोरिया ने दक्षिण ऑस्ट्रेलिया को हराया। दो मुकाबले ड्रॉ रहे, जिसमें एक के पीछे बारिश वजह रही।