9 विश्व रिकॉर्ड के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से विदा हुए मैकुलम
न्यूजीलैंड के कप्तान ब्रैंडन मैकुलम का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का सफर क्राइस्टचर्च टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया के हाथों मिली 7 विकेट की हार के साथ खत्म हो गया। मैकुलम जैसी विदाई चाहते थे, वैसी तो उन्हें नहीं मिल पाई, लेकिन इस दिग्गज बल्लेबाज ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में कई रिकॉर्ड्स बनाए।
नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के कप्तान ब्रैंडन मैकुलम का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का सफर खत्म हो गया। मैकुलम जैसी विदाई चाहते थे, वैसी तो उन्हें नहीं मिल पाई, लेकिन इस दिग्गज बल्लेबाज ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में कई रिकॉर्ड्स बनाए। आखिर उनके नाम पर कौन-कौन से रिकॉर्ड्स दर्ज हैं आइए जानते हैं।
-101 टेस्ट : मैकुलम ने 10 मार्च 2004 को हैमिल्टन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट पदार्पण किया था, उसके बाद से उन्होंने लगातार 101 टेस्ट खेले। पदार्पण से लेकर लगातार 100 टेस्ट खेलने वाले वे दुनिया के पहले क्रिकेटर हैं।
-54 गेंद : ब्रैंडन ने अपने अंतिम टेस्ट की पहली पारी में टेस्ट क्रिकेट इतिहास का सबसे तेज शतक लगाया। उन्होंने क्राइस्टचर्च में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 54 गेंदों में शतक बनाया।
-180 रन : मॅक्कुलम ने अपने अंतिम टेस्ट मैच में कुल 180 रन (145 और 25) बनाए। इस तरह कप्तान के रूप में करियर के अंतिम मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज हो गया।
-2140 रन : अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड मैकुलम के नाम पर दर्ज है। उन्होंने 71 मैचों में 35.66 की औसत से सबसे ज्यादा 2140 रन बनाए हैं।
-107 छक्के: टेस्ट क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड मैकुलम के नाम दर्ज है। उन्होंने 101 टेस्ट मैचों में 107 छक्के जमाए।
-2 शतक: अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में दो शतक लगाने वाले मैकुलम दुनिया के एकमात्र बल्लेबाज है। उन्होंने 71 मैचों में यह उपलब्धि हासिल की है।
-91 छक्के : ब्रैंडन के नाम अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। उन्होंने टी-20 क्रिकेट में 91 छक्के लगाए है।
-15 फिफ्टी प्लस : मैकुलम के नाम अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस स्कोर (50 से ज्यादा की पारियां) का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने 15 फिफ्टी प्लस (2 शतक और 13 अर्द्धशतक) बनाए हैं।
-199 चौके : मॅक्कुलम के नाम अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में सर्वाधिक चौके लगाने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। उन्होंने 71 मैचों में 199 चौके जड़े।