यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 17, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
BCCI के खिलाफ कोर्ट में MCA
बुधवार को न्यायमूर्ति बीआर गवई की अध्यक्षता में एक खंडपीठ इस याचिका पर सुनवाई कर सकती है।

नई दिल्ली, जेएनएन। मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) के दो सदस्य मंगलवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआइ) के उस फैसले के खिलाफ बांबे हाई कोर्ट पहुंचे, जिसमें भारत और वेस्टइंडीज के बीच 29 अक्टूबर को होने वाला दूसरा वनडे मैच ब्रेबोर्न स्टेडियम में कराने का फैसला लिया गया था। पहले यह मैच वानखेड़े स्टेडियम में आयोजित होना था।
एमसीए की वित्तीय परेशानी के चलते बीसीसीआइ ने पिछले शुक्रवार को इस मैच को स्थानांतरित कर दिया था। संजय नायक और रवी सावंत ने बोर्ड के इस फैसले के खिलाफ कोर्ट में याचिका दायर की और कहा कि यह अवैध व मनमानी तरीके से किया गया है, जबकि इसके लिए एमसीए को कोई नोटिस जारी नहीं किया।
बुधवार को न्यायमूर्ति बीआर गवई की अध्यक्षता में एक खंडपीठ इस याचिका पर सुनवाई कर सकती है। याचिका में दावा किया गया है कि ब्रेबोर्न स्टेडियम अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी नहीं कर सकता। वह केवल अभ्यास मैच की मेजबानी कर सकता है। ब्रेबोर्न स्टेडियम ने पिछली बार 2006 में वनडे मैच की मेजबानी की थी, जबकि टेस्ट मैच 2009 में हुआ था।