यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 21, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
क्रिकेट के सभी फॉरमेट में खेलना चाहते हैं मयंक अग्रवाल
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर अपने टेस्ट करियर का आगाज करने वाले मयंक अग्रवाल ने कहा है कि वह टीम इंडिया का तीनों फॉरमेट में प्रतिनिधित्व करना चाहते हैं।

बेंगलुरु, एजेंसी। भारतीय क्रिकेट टीम के ऐतिहासिक ऑस्ट्रेलिया दौरे पर अपने टेस्ट करियर का आगाज करने वाले मयंक अग्रवाल ने कहा है कि वह टीम इंडिया का तीनों फॉरमेट में प्रतिनिधित्व करना चाहते हैं। अग्रवाल ने साल 2017-18 के घरेलू सीजन में शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी तरफ खींचा। इसके बावजूद उन्हें भारतीय टेस्ट में देर से मौका दिया गया।
मयंक अग्रवाल ने कहा कि वास्तव में मेरा उद्देश्य देश के लिए तीनों फॉरमेट में क्रिकेट खेलना है। उन्होंने कहा कि मैं देश के लिए वनडे और टी-20 मैचों में खेलने के बारे में सोच रहा हूं जब कभी मुझे मौका दिया जाएगा तो मैं सीमित ओवर प्रारूप क्रिकेट खेलूंगा। मयंक ने कहा जब आप टेस्ट मैच, वनडे मैच और टी-20 मैच खेलते हो तो योजना और परिस्थतियों के अनुसार अपने खेल को बदलना पड़ता है।
मयंक को ऑस्ट्रेलिया में शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद ऑस्ट्रेलिया के भारत दौरे पर टीम इंडिया में शामिल नहीं हैं। कर्नाटक के 28 वर्षीय बल्लेबाज मयंक को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय टीम में पृथ्वी शॉ की जगह शामिल किया गया। पृथ्वी शॉ टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले चोटिल हो गए थे।
मयंक अग्रवाल ने बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच में अपने करियर का आगाज किया था। इस मैच में मयंक अग्रवाल ने पहली पारी में 76 और दूसरी पारी में 42 रन बनाए थे। उस समय उनकी इस पारी को मेलबर्न में 70,000 हजार दर्शकों ने देखा। इसके बाद टेस्ट सीरीज के अगले मैच में मयंक ने अगले टेस्ट मैच में 77 रनों की पारी खेली।