यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 02, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रणजी राउंडअप: उत्तर प्रदेश व राजस्थान के बीच मुकाबला ड्रॉ
उत्तर प्रदेश और राजस्थान के बीच का मुकाबला ड्रॉ के रूप में खत्म हुआ।

जागरण संवाददाता, कानपुर। रणजी ट्रॉफी ग्रुप-सी के खेला गया उत्तर प्रदेश और राजस्थान के बीच का मुकाबला ड्रॉ के रूप में खत्म हुआ। राजस्थान ने उत्तर प्रदेश के सामने 330 रनों का लक्ष्य रखा था। उत्तर प्रदेश ने मैच के चौथे और आखिरी दिन शनिवार का अंत दो विकेट के नुकसान पर 116 रनों के साथ करते हुए मैच ड्रॉ करा दिया। उत्तर प्रदेश के लिए दूसरी पारी में मुहम्मद सैफ ने 58 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 113 गेंदों का सामना किया और छह चौके लगाए। उत्तर प्रदेश की टीम को इस मैच में एक अंक से संतोष करना पड़ा, लेकिन उसके कुल अंक 18 अंक हो गए हैं, जिससे वह दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। राजस्थान को तीन अंक मिले, जिससे उसके 21 अंक हो गए और वह शीर्ष पायदान पर है।
झारखंड सात विकेट से जीता
पोरवोरिम, प्रेट्र। रणजी ट्रॉफी ग्रुप-सी के मैच में झारखंड ने गोवा को सात विकेट से मात दी। गोवा ने पहली पारी में 364 रन बनाए थे। झारखंड ने 390 रन बनाकर 26 रनों की मामूली बढ़त ले ली थी। उसने गोवा को दूसरी पारी में राहुल प्रसाद के छह विकेटों की मदद से सिर्फ 131 रनों पर सीमित कर दिया। इस लिहाज से झारखंड को सिर्फ 106 रनों का लक्ष्य मिला। इस आसान से लक्ष्य को झारखंड़ ने तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। झारखंड के लिए कुमार देबब्रत ने सबसे ज्यादा नाबाद 48 रन बनाए। उनके अलावा इशांक जग्गी नाबाद 20 रन बनाकर लौटे। सौरभ तिवारी ने 29 रनों का योगदान दिया। झारखंड को इस जीत से छह अंक मिले, जिससे उसके 15 अंक हो गए। वह ग्रुप में तीसरे पायदान पर पहुंच गया है।
हिमाचल प्रदेश की बड़ी हार
हैदराबाद, प्रेट्र। रणजी ट्रॉफी ग्रुप-बी के मुकाबले में मेजबान हैदराबाद ने हिमाचल प्रदेश को 10 विकेट से करारी मात दी। हिमाचल प्रदेश ने पहली पारी में 351 रन का स्कोर किया, जबकि हैदराबाद ने 352 रन बनाए थे। हिमाचल प्रदेश की टीम दूसरी पारी में 97 रन पर ढेर हो गई और हैदराबाद ने लक्ष्य बिना किसी विकेट गंवाए हासिल कर लिया। हैदराबाद की चार मैचों में यह पहली जीत है। टीम ने इससे पहले तीन मैच ड्रॉ खेले थे और अब वह 12 अंक लेकर तीसरे नंबर पर है। हिमाचल की टीम दो अंकों के साथ सबसे निचले पायदान पर है।
एक विकेट से जीता बंगाल
चेन्नई, प्रेट्र। रणजी ट्रॉफी ग्रुप-बी के मैच में मेजबान तमिलनाडु को बंगाल ने एक विकेट से शिकस्त दी। तमिलनाडु ने पहली पारी में 263 रन का स्कोर बनाया था और उसने बंगाल को उसकी पहली पारी में 189 रन पर समेटकर 74 रन की बढ़त ली थी। तमिलनाडु की टीम दूसरी पारी में 141 रन ही बना सकी और बंगाल को इस तरह 216 रन का लक्ष्य मिला। बंगाल ने इस लक्ष्य को एक विकेट शेष रहते प्राप्त कर लिया। बंगाल की दूसरी पारी में अभिषेक रमन ने 53, सुदीप चटर्जी ने 40, अमीर गनी ने 25 और प्रदीप्ता प्रमाणिक ने 25 रन बनाए। तमिलनाडु के लिए आरएस शाह ने पांच, टी नटराजन ने दो और कौशिक गांधी ने एक विकेट लिए। बंगाल की टीम इस जीत की बदौलत 12 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गई है। उसने चार में से एक मैच जीते हैं, एक हारे हैं और दो ड्रॉ रहा है।
जम्मू-कश्मीर पांच विकेट से हारा
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के कप्तान परवेज रसूल पारी में आठ विकेट लेन और शतक जड़ने के बावजूद रणजी ट्रॉफी के ग्रुप-सी मुकाबले में अपनी टीम की हार नहीं टाल सके। उसे सर्विसेज के हाथों पांच विकेट से शिकस्त का सामना करना पड़ा। एयरफोर्स कांप्लेक्स ग्राउंड पालम में शनिवार को चौथे एवं अंतिम दिन सर्विसेज की टीम ने जम्मू-कश्मीर से मिले 104 रन के लक्ष्य को 36.5 ओवर में पांच विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। सर्विसेज की ओर से कप्तान रजत पालीवल ने नाबाद 43 रन बनाए। जम्मू-कश्मीर की ओर से कप्तान रसूल और मुहम्मद मुदाशिर ने दो-दो विकेट चटकाए। इससे पहले जम्मू-कश्मीर की पहली पारी 95 रन पर ढेर हो गई थी। जवाब में सर्विसेज ने 252 रन बनाकर 157 रन की बढ़त हासिल की थी। जम्मू-कश्मीर ने दूसरी पारी में 261 रन बनाए, जिसमें रसूल ने 115 रन की पारी खेली।