यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 09, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
लोकेश राहुल पर भड़के थे गावस्कर, अब उनके ही इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया
लोकेश राहुल ने दूसरी पारी में 44 रनों का अच्छा योगदान दिया।

नई दिल्ली, जेएनएन। भारत व ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे एडिलेड टेस्ट मैच में भारतीय टीम इस वक्त अच्छी स्थिति में दिख रही है। ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 323 रन बनाने हैं और फिलहाल ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट खोकर 104 रन बना लिए हैं और उसे जीत के लिए अब भी 219 रनों की जरूरत है।
इस मैच की दूसरी पारी में भारतीय ओपनर बल्लेबाज मुरली विजय और लोकेश राहुल ने पहले विकेट के लिए 63 रनों की अहम साझेदारी कर टीम को अच्छी शुरुआत दी। राहुल ने पिछली पारी में सिर्फ दो रन बनाए थे लेकिन इस पारी में उन्होंने टीम के लिए काफी महत्वपूर्ण 44 रन बनाए। वहीं मुरली विजय ने 18 रन बनाए। विदेशी धरती पर इन दोनों बल्लेबाजों के बीच पहली बार अर्धशतकीय साझेदारी हुई। पिछली 11 पारियों में ये इन दोनों की सबसे बड़ी पार्टनरशिप थी।
वर्ष 1981 यानी लगभग 37 वर्ष के बाद ये पहला मौका है जब भारतीय ओपनर बल्लेबाजों ने ऑस्ट्रेलिया में, मैच की तीसरी पारी में, पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी निभाई। इससे पहले वर्ष 1981 में मेलबॉर्न में सुनील गावस्कर और चेतन चौहान ने मैच की तीसरी पारी में पहले विकेट के लिए 50 से ज्यादा की साझेदारी की थी। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच 165 रनों की साझेदारी हुई थी। मैच की तीसरी पारी में पहले विकेट के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनकी धरती पर दो सबसे बड़ी साझेदारी गावस्कर और चौहान के नाम पर ही था लेकिन अब विजय और राहुल दूसरे नंबर पर आ गए हैं। इन दोनों ने गावस्कर और चौहान को तीसरे नंबर पर धकेल दिया है। यानी अब पहले नंबर पर गावस्कर और चौहान हैं जबकि दूसरे नंबर पर विजय और राहुल आ गए हैं और तीसरे नंबर पर एक बार फिर से गावस्कर और चौहान हैं।
दूसरी पारी में कंगारू टीम को भारत का पहला विकेट गिराने के लिए 19 ओवर तक इंतजार करना पड़ा। वर्ष 2004 के बाद ये पहला मौका था जब टीम इंडिया ने 19 ओवर तक कोई विकेट नहीं गंवाया। दूसरी पारी में भारत का पहला विकेट मुरली विजय के तौर पर गिरा था। इससे पहले गावस्कर ने राहुल की खराब बल्लेबाजी पर कहा था कि अगर वो दूसरी पारी में रन नहीं बनाते हैं तो उन्हें टीम से बाहर कर देना चाहिए। राहुल ने पहली पारी में सिर्फ दो रन बनाए थे।