यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 24, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
आइए जानते हैं उस जगह के बारे में जहां आकार लेता है बड़े-बड़े खिलाडि़यों का करियर
मेलबर्न में एक ऐसी भी जगह है जहां खिलाडि़यों का करियर आकार लेता है।

अभिषेक त्रिपाठी, मेलबर्न। स्पोर्टिग कैपिटल ऑफ द वर्ल्ड मेलबर्न में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी), मार्वल स्टेडियम, रोड लेवर एरीना, मेलबर्न रेक्टेंगुलर स्टेडियम, हाईसेंस एरीना, मेलबर्न पार्क, फ्लेमिंगटन रेसकोर्स, ओ ब्रायन ग्रुप एरीना, ओलंपिक पार्क स्टेडियम जैसे खेल आयोजन स्थलों की भरमार है। यहां खिलाड़ी प्रदर्शन करते हैं, लेकिन मेलबर्न में एक ऐसी भी जगह है जहां खिलाडि़यों का करियर आकार लेता है। हम बात कर रहे हैं कूकाबुरा स्पोर्ट्स कंपनी की। यह तो सबको पता होगा कि दुनिया के सबसे ज्यादा देशों में इसी कंपनी की लाल गेंद से टेस्ट मैच खेला जाता है, लेकिन यह भी जानना जरूरी है कि यहां पर बनने वाले बल्ले दुनिया के कई महान खिलाड़ी इस्तेमाल करते हैं।
मेलबर्न में पहुंचने के तुरंत बाद मैंने इस जगह जाने का फैसला किया। जैसे ही वहां पहुंचा तो बाहर लॉन में ही विक्टर ट्रंपर की एक कांस्य प्रतिमा आलीशान मुद्रा में खड़ी थी। ऐसा लग रहा था कि वह दुनिया भर के क्रिकेटरों का इस्तकबाल कर रही हो। मेलबर्न के उपनगर मूरबीन में बनी इस कंपनी में क्रिकेटर ही नहीं, बल्कि ऑस्ट्रेलियाई महिला हॉकी टीम की तस्वीरें भी लगी हैं, क्योंकि यहां क्रिकेट के अलावा हॉकी का सामान भी बनता है। यहां के कम्यूनिकेशन मैनेजर शेनॉन गिल ने हमें पूरी फैक्ट्री दिखाई जहां पर दुनिया भर को सप्लाई होने के लिए गेंदें बन रही थीं, लेकिन हम बल्लों को बनते हुए देखना चाहते थे। इस कारण वह हमें कंपनी के दूसरे भाग में ले गए जहां बल्ले बन रहे थे। वहां लालचन डिंगर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर उस्मान ख्वाजा का बल्ला बना रहे थे। डिंगर ने बताया कि हर क्रिकेटर अपने बल्ले में कुछ खास चाहता है। अब आइसीसी के नियम सख्त हो गए हैं और हमें उन नियमों के अंदर ही सब कुछ करना होता है।
हर खिलाड़ी का शरीर, कलाई और क्षमता अलग-अलग होती है। इसी को देखकर हम बल्ले बनाते हैं। खिलाड़ी की विशेष मांग पर भी हम उसमें परिवर्तन करते हैं। शेनॉन ने हमें बताया कि एडम गिलक्रिस्ट, डीन जोंस, गॉर्डन ग्रीनिज, इयान हीली, जैक रसेल, जस्टिन लेंगर, कुमार संगकारा, रे जेनिंग्स, रिकी पोंटिंग, रॉडनी मार्श, माइक हसी हमारे बल्ले इस्तेमाल किया करते थे। उन्होंने कहा कि भारत में मेरठ और यहां पर कूकाबुरा ही ऐसी जगह हैं जहां के बल्ले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों को सबसे ज्यादा भाते हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह ऑस्ट्रेलियाई लकड़ी का इस्तेमाल करते हैं तो उन्होंने कहा कि नहीं हम इंग्लिश विलो का ही इस्तेमाल करते हैं। कश्मीरी विलो के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसका इस्तेमाल यहां बहुत कम होता है। इसकी क्वालिटी इंग्लिश विलो से कमतर है। हम जूनियर स्तर के बल्ले कश्मीरी विलो से बनाते हैं, लेकिन उनकी संख्या भी काफी कम है।
आलोचना से उबरने की कवायद : सबसे पहले सफेद और गुलाबी क्रिकेट गेंद बनाने वाली कूकाबुरा कंपनी इस समय आलोचनाओं से उबरने की कोशिश में जुटी है। जहां एक ओर भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली, रविचंद्रन अश्विन, उमेश यादव ने भारत में एसजी गेंदों पर सवाल उठाए तो वहीं दुनिया के कई हिस्सों में कूकाबुरा की क्वालिटी पर प्रश्नचिन्ह लगाए गए। दोनों ही जगह इंग्लिश गेंद ड्यूक का पक्ष लिया गया है। स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर के अलावा पूर्व कोच डेरेन लेहमन ने कूकाबुरा को लेकर नाराजगी व्यक्त की थी। लेहमन का कहना था कि यह जल्दी ही खराब हो जाती है और अक्सर बदलना पड़ता है। हालांकि कूकाबुरा अपने क्षेत्र में दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी है और सबकी पसंद होने के बावजूद ड्यूक इस मामले में उसके सामने कहीं नहीं ठहरती है। जहां तक मेरी बात है तो मैं लंदन में ड्यूक की फैक्ट्री भी गया हूं जो लगभग 400-500 गज जगह में चलती है, जबकि कूकाबुरा उससे 10 गुने क्षेत्र में फैली है। यहीं नहीं, ऑस्ट्रेलिया में कई और जगह उनकी फैक्ट्री हैं।
बहुत पुराना और रोचक है इतिहास
मेलबर्न। इंग्लैंड में घोड़ों की काठी बनाने वाले एजी थॉमसन ने खुद अपने हाथों से पहली कूकाबुरा गेंद सिली थी। काठी के व्यवसाय के कमजोर होने के बाद वह कनाडा जाना चाहते थे, लेकिन वहां अधिक ठंड होने की वजह से उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में बसने का फैसला किया। 1920 की शुरुआत में घोड़ा-सवारी गाडि़यां घटने लगीं तब उन्होंने गेंद निर्माण में हाथ आजमाया और अपने पालतू पक्षी कूकाबुरा (जैकी) के नाम पर गेंद बनाने की प्रक्रिया क्वींसलैंड के एक बूचड़खाने में शुरू की। वहां उन्हें विशेष किस्म की गाय की खाल उपलब्ध होती थी। ऑस्ट्रेलियाई नस्ल की एक विशेष किस्म की गाय के चमड़े से ही इन गेंदों को बनाया जाता है।
कंपनी का स्वामित्व थॉमसन परिवार के पास ही है और यह ऑस्ट्रेलिया के अलावा भारत, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड में स्थित अपने कार्यालयों के जरिये व्यापार करती है। क्रिकेट-हॉकी के 50 से अधिक देशों की लीगों व संघों में इसका इस्तेमाल होता है। फिलहाल इस कंपनी की लाल गेंद सात टेस्ट खेलने वाले देशों की आधिकारिक गेंद हैं। इसकी सफेद गेंद से आइसीसी के सभी वनडे व टी-20 टूर्नामेंट होते हैं। यह प्रति वर्ष 500,000 से अधिक क्रिकेट गेंदों का उत्पादन करती है। कूकाबुरा हॉकी गेंदों को विशेष रूप से 1956 के बाद हर ओलंपिक खेलों में इस्तेमाल किया गया है, जबकि 1984 के बाद से विश्व कप के लिए भी इसका इस्तेमाल हो रहा है। इसकी हॉकी स्टिक और व्यक्तिगत उपकरण भी खिलाडि़यों को पसंद आते हैं।