महिला एशिया कप में जीत के बाद क्रांति गौड़ के खिलाफ ICC ने लिया एक्शन, ठोका तगड़ा जुर्माना
भारतीय महिला क्रिकेटर क्रांति गौड़ पर महिला एशिया कप 2026 के फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ आक्रामक व्यवहार के लिए ...और पढ़ें

क्रांति गौड़

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बड़ा एक्शन लिया है। उनके खिलाफ ये एक्शन महिला एशिया कप 2026 के फाइनल के बाद लिया गया है। टीम इंडिया ने एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका को हराया और ट्रॉफी पर रिकॉर्ड आठवीं बार कब्जा जमाया।
गौड़ ने मुकाबले में एक विकेट हासिल किया और श्रीलंकाई टीम को शुरुआती झटका देकर उन्हें दबाव में डाला। हालांकि, मैच के बाद उनके खिलाफ एक्शन लिया गया और मैच फीस का दस प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। उन्हें एक डिमेरिट प्वाइंट भी दिया गया। गौड़ ने मैच रेफरी के सामने अपनी गलती स्वीकार कर ली, जिसके बाद उनके ऊपर जुर्माना लगाया गया।
क्रांति गौड़ पर ICC ने लगाया जुर्माना
श्रीलंका के खिलाफ रविवार को महिला एशिया कप के फाइनल के दौरान ये घटना शुरुआती ओवरों में घटी। दरअसल, गौड़ की पहली गेंद पर श्रीलंका की बल्लेबाज इमेशा दुलानी ने शॉट खेला, जिसके बाद भारतीय गेंदबाज ने उन्हें उसी ओवर की तीसरी गेंद पर अपना शिकार बना लिया। इसके बाद उन्होंने आक्रामक अंदाज में दुलानी को पवेलियन जाने के लिए इशारा किया। इसी वजह से उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।
गौड़ पर आईसीसी के अनुच्छेद 2.5 के स्तर 1 के उल्लंघन का आरोप लगा है। इस अनुच्छेद के तहत किसी इंटरनेशनल मैच के दौरान बल्लेबाज के आउट होने के बाद उसे अपमानित करने वाली या उकसाने वाली भाषा और आक्रामक प्रतिक्रिया या फिर इशारा करने पर कार्रवाई की जाती है। गौड़ को इस अनुच्छेद के स्तर एक का अपराधी पाया गया, जिसके बाद उनके ऊपर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना और एक डिमेरिट प्वाइंट दिया गया। ये उनका पिछले 24 महीने में पहला डिमेरिट प्वाइंट था।
भारतीय टीम ने 8वीं बार जीता खिताब
महिला एशिया कप 2026 का फाइनल मुकाबला दुबई में रविवार को भारत और श्रीलंका के बीच खेला गया। टीम इंडिया ने शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना के अर्धशतकों के दम पर पहले बल्लेबाजी करते हुए 183 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब में डिफेंडिंग चैंपियन श्रीलंका की टीम 111 रनों पर सिमट गई और भारतीय टीम ने मैच को 72 रनों से अपने नाम कर लिया। भारत के लिए स्पिनर दीप्ति शर्मा ने 4, जबकि श्री चरणी ने तीन विकेट हासिल किए।
