यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 31, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
इस वजह से जल्दी किया गया T20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का चयन, आप भी जानिए
India vs South Africa T20 Series गुरुवार को साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया गया।

नई दिल्ली, जेएनएन। India vs South Africa T20 Series: गुरुवार को साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया गया। इस टीम में एक बार फिर से पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी को जगह नहीं मिली है। पूर्व निर्धारित समय से करीब एक सप्ताह पहले ही भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया, जिसमें पीछे एक बड़ी वजह है, जो अब सामने आ गई है।
दरअसल, 15 सितंबर से होने वाली इस तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए भारतीय टीम का चयन पहले गुरुवार 5 सितंबर को होना था, लेकिन बीसीसीआइ के शॉर्ट नोटिस के बाद टीम का चयन सात दिन पहले ही कर लिया गया। गुरुवार 29 अगस्त को चुनी गई 15 सदस्यीय टीम की कमान विराट कोहली के हाथों में है, जो 15 सितंबर को धर्मशाला, 18 सितंबर को मोहाली और 21 सितंबर को बेंगलुरु को तीन टी20 मैच खेलेगी।
ये भी पढ़ें: T20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, MS Dhoni समेत इन खिलाड़ियों की हुई छुट्टी
अगले साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिहाज से एमएसके प्रसाद की अगुवाई वाली चयन समिति ने इस टीम का चुनाव किया है। नई दिल्ली, तिरुवनंतपुरम, बेंगलुरु और जमैका में बैठकर कप्तान विराट कोहली और चयनकर्ताओं की समिति ने कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए टीम को चुना था।
इस बीच सवाल ये भी उठ गया है कि सात दिन पहले क्यों टीम का चुनाव किया गया तो इसका जवाब ये है कि भारतीय टीम का मैन स्पॉन्सर बदल गया है। इस वजह से भारतीय टीम के कपड़े बनाने वाली कंपनी Nike को नए जर्सी तैयार करने में समय लगेगा।
नई जर्सी तैयार होने में लगेगा समय
रिपोर्ट्स की मानें तो इसी कारण से Nike को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड से अपील करनी पड़ी थी कि टीम का चयन जल्दी किया जाए ताकि उन्हें नई जर्सी और सभी सामान पर नया लोगो लगाने का समय मिल सके। गौरतलब है कि Oppo अब भारतीय टीम की जर्सी पर नज़र नहीं आएगी।
ओप्पो ने पांच साल की डील दो साल में खत्म कर दी है। वहीं, अपने राइट्स ओप्पो कंपनी ने बेंगलुरु की कंपनी BYJU’S को बेच दिए हैं। अब साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली सीरीज से भारतीय टीम की मुख्य स्पॉन्सर BYJU’S होगी, जो जर्सी के सामने नज़र आएगी।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टी20 टीम इस प्रकार है
विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (उपकप्तान), केएल राहुल, शिखर धवन, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडेय, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रविंद्र जडेजा, कृणाल पांडया, वाशिंगटन सुंदर, राहुल चहर, खलील अहमद, दीपक चहर और नवदीप सैनी।
