विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टी-20 विश्व कप में भारतीय टीम की रणनीति का अहम हिस्सा बने ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव ने दिए बड़े संकेत

Published: Mon, 02 Feb 2026 06:00 AM (IST)Updated: Mon, 02 Feb 2026 08:10 AM (IST)

न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में ईशान किशन ने शानदार प्रदर्शन कर टी-20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में ...और पढ़ें

ईशान किशन ने दिखाया शानदार फॉर्म

ईशान किशन ने दिखाया शानदार फॉर्म

HighLights

  1. ईशान किशन ने न्यूजीलैंड सीरीज में 215 रन बनाकर प्रभावित किया

  2. सूर्यकुमार यादव ने ईशान किशन को लेकर दिए बड़े संकेत

  3. ईशान किशन बने संजू सैमसन के लिए खतरा

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली: न्यूजीलैंड के विरुद्ध शनिवार को पांचवें और अंतिम टी-20 मैच के दौरान पहले ओवर की तीसरी गेंद पर अभिषेक शर्मा ने तेज गेंदबाज जैकब डफी को छक्का जड़ा, जिसकी कप्तान सूर्यकुमार यादव ने डगआउट से सिर हिलाकर सराहना की। भारतीय कप्तान तब नॉन-स्ट्राइकर छोर पर थे जब ईशान किशन ने काइल जैमीसन की तेज उछाल वाली गेंद को स्क्वायर लेग के ऊपर से छह रन के लिए भेजा।

सूर्यकुमार ने एक बार फिर सराहना में सिर हिलाया। कुल मिलाकर न्यूजीलैंड के विरुद्ध सीरीज से भारत को सात फरवरी से शुरू हो रहे टी-20 विश्व कप के लिए अपनी वास्तविक टीम का खाका मिल गया है। टीम प्रबंधन जानता है कि उसे इस वैश्विक टूर्नामेंट में किस रणनीति के साथ उतरना है।

टॉप-3 तय!

शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाज अभिषेक, किशन और सूर्यकुमार अब आत्मविश्वास से भरे हुए हैं। इनमें किशन की कहानी सबसे दिल छू लेने वाली है। एक साल पहले तक उनके पास बीसीसीआई का केंद्रीय अनुबंध भी नहीं था, लेकिन अब वह टीम प्रबंधन की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

अभिषेक और सूर्यकुमार को भी समस्याओं का सामना करना पड़ा, लेकिन वे ज्यादातर मैदान से ही संबंधित थीं। दूसरी तरफ ईशान को अपने भीतर के डर पर भी काबू पाना था और न्यूजीलैंड के विरुद्ध पांच मैचों की टी20 सीरीज में उनके प्रदर्शन को देखते हुए लगता है कि उन्होंने इसमें शानदार काम किया है। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने चार मैचों में 231.18 के स्ट्राइक रेट से 215 रन बनाए।

संजू को छोड़ा पीछे

किशन को चार मैच खेलने का मौका मिला लेकिन इनमें उन्होंने शानदार प्रदर्शन करके विश्व कप में भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज की दौड़ में संजू सैमसन को पीछे छोड़ दिया है। कप्तान ने ईशान के बारे में कहा, हम जानते थे कि ईशान किशन क्या खास कर सकता है। इस सीरीज से पहले उसने घरेलू क्रिकेट में कैसा प्रदर्शन किया है। हम सभी इस बारे में जानते थे। हम सभी चाहते थे कि वह अपने नैसर्गिक अंदाज में ही बल्लेबाजी करें और अपनी पहचान नहीं बदले।

उन्होंने कहा कि वह घरेलू क्रिकेट में पारी की शुरुआत कर रहे थे और यहां उन्होंने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी की। हम चाहते थे कि वह मैच का रुख पलटने वाले खिलाड़ी साबित हों और उन्होंने मैदान पर उतरकर ऐसा ही किया।

दे दिए संकेत

सूर्यकुमार ने इस तरह से संकेत दे दिया कि विश्व कप में अभिषेक के साथ किशन ही पारी की शुरुआत करेंगे। अहम बात यह है कि शीर्ष क्रम में ईशान किशन के शामिल होने और उनके तेज गति से रन बनाने से सूर्यकुमार, हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे जैसे मध्य क्रम के बल्लेबाजों पर से बोझ कम हो गया है। पांचवें टी-20 मैच में इसकी पुष्टि हो गई। हार्दिक जब बल्लेबाजी करने के लिए उतरे तो उन्हें किसी तरह का जोखिम उठाने की जरूरत नहीं थी क्योंकि टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना पहला शतक बनाने वाले किशन पहले ही मजबूत आधार तैयार कर चुके थे।

हार्दिक ने 17 गेंद पर 42 रन की तूफानी पारी खेली, लेकिन इसमें उन्होंने किसी तरह का जोखिम नहीं लिया। इस दौरान वह अधिक स्वच्छंद होकर खेलते हुए दिखे। सूर्यकुमार की शानदार फॉर्म में वापसी ने भी भारत के टी-20 में खेलने के तरीके को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुंबई के इस खिलाड़ी ने सीरीज में सबसे ज्यादा 242 रन बनाए। यह रन उन्होंने 196.74 के स्ट्राइक रेट से बनाए, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं।

सूर्य ने कहा, बस इतना था कि मैं रन नही बना पा रहा था। लेकिन मैं बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं, मानसिक रूप से बहुत सकारात्मक हूं और टीम में जो कुछ हो रहा है उससे बहुत खुश हूं।

गेंदबाजी में भी किया कमाल

लेकिन बल्लेबाजी ही एकमात्र ऐसा विभाग नहीं है जहां भारत ने बड़ी सफलता हासिल की है। अर्शदीप सिंह ने सीरीज में आठ विकेट लिए जो सपाट पिचों और छोटी बाउंड्री वाले मैदानों पर कोई मामूली उपलब्धि नहीं है। जसप्रीत बुमराह के लिए यह अच्छा दिन नहीं था और उन्होंने चार ओवर में 58 रन लुटाए, लेकिन अर्शदीप में पांच विकेट लेकर दिखा दिया कि वह अब टीम के मुख्य तेज गेंदबाज का सच्चा साथी बनने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

यह भी पढ़ें- IND vs NZ T20: अभिषेक तो ट्रेलर थे, ईशान पूरी फिल्म हैं! सीरीज हार के बाद कप्तान Mitchell Santner ने भी किया सरेंडर

यह भी पढ़ें- IND vs NZ 5th T20I: न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया ने बनाया महारिकॉर्ड, दुनिया की कोई टीम नहीं कर सकी थी ऐसा