मुकेश-आकाश के प्रदर्शन ने टेस्ट टीम को दी आस, न्यूजीलैंड दौरे से पहले गंभीर-गिल को मिली 'संजीवनी'
मुकेश कुमार और आकाश दीप के ईरानी कप में शानदार प्रदर्शन ने भारतीय टेस्ट टीम को तेज गेंदबाजी विभाग में ...और पढ़ें

मुकेश कुमार-आकाश दीप

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
अभिषेक त्रिपाठी, जागरण, नई दिल्ली। तेज गेंदबाजों की चोट और फिटनेस से जूझ रही भारतीय टेस्ट टीम के लिए ईरानी कप से अच्छी खबर आई है। जम्मू-कश्मीर के विरुद्ध खिताबी मुकाबले में मुकेश कुमार और आकाश दीप की धारदार गेंदबाजी ने न सिर्फ शेष भारत को 167 रन से जीत दिलाई, बल्कि न्यूजीलैंड के विरुद्ध आगामी टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम के चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन को भी राहत की सांस दी है।
दोनों तेज गेंदबाजों ने दूसरी पारी में मिलकर नौ विकेट चटकाए, जबकि पूरे मैच में उनके नाम कुल 14 विकेट रहे। मुकेश इस मुकाबले के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने दूसरी पारी में शानदार गेंदबाजी करते हुए 33 रन देकर छह विकेट चटकाकर जम्मू-कश्मीर की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। वहीं लंबे समय बाद प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी कर रहे आकाश दीप (3/25) ने साथ उनका बेहतरीन साथ दिया।
आकाश दीप ने किया शानदार प्रदर्शन
आकाश ने पूरे मैच में छह विकेट लिए और 23.3 ओवर गेंदबाजी कर अपनी फिटनेस और मैच वर्कलोड को लेकर भी सकारात्मक संकेत दिए। भारतीय टीम को वेस्टइंडीज सीरीज के बाद न्यूजीलैंड का दौरा करना है, जहां टीम को पांच टी-20, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच खेलने हैं। ऐसे में टेस्ट टीम के लिए तेज गेंदबाजी विभाग बेहद महत्वपूर्ण होगा।
भारतीय टीम प्रबंधन ने ईरानी कप में दोनों गेंदबाजों के प्रदर्शन पर नजर रखी थी, क्योंकि हाल के महीनों में तेज गेंदबाजों की चोट ने टीम की चिंता बढ़ाई है। न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में स्विंग और सीम गेंदबाजी की जरूरत को देखते हुए दोनों का प्रदर्शन टीम इंडिया के लिए काफी अहम साबित हो सकता है।
आकाश दीप सात महीने तक क्रिकेट से रहे दूर
आकाश दीप इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज खेलने के बाद चोट के कारण मैदान से दूर हो गए थे। करीब सात महीने के लंबे अंतराल के बाद उनकी प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी हुई और ईरानी कप में उन्होंने अपनी फिटनेस के साथ-साथ लय का भी मजबूत प्रमाण दिया। दूसरी ओर, बंगाल के मुकेश कुमार ने लगातार बेहतर प्रदर्शन कर टेस्ट टीम के दरवाजे पर दस्तक दी है।
जसप्रीत बुमराह भी कर चुके हैं वापसी
जसप्रीत बुमराह भी चोट से उबरने के बाद वापसी कर चुके हैं, लेकिन फिलहाल उनका इस्तेमाल सीमित प्रारूप में किया जा रहा है। चोट के कारण वह श्रीलंका के विरुद्ध टेस्ट सीरीज में भी नहीं खेल पाए थे। हर्षित राणा अभी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब से गुजर रहे हैं, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा को वेस्टइंडीज के विरुद्ध दूसरे वनडे में चोट लगी थी और उनकी स्थिति पर फिलहाल स्पष्ट अपडेट का इंतजार है।
ऐसे में न्यूजीलैंड के विरुद्ध टेस्ट सीरीज के लिए बुमराह और मोहम्मद सिराज के साथ मुकेश कुमार और आकाश दीप मजबूत विकल्प बनकर उभरे हैं। प्रसिद्ध की फिटनेस को लेकर स्थिति साफ होने के बाद तस्वीर और स्पष्ट होगी।
यह भी पढ़ें- सुनील गावस्कर ने रोहित शर्मा को रिटायरमेंट से पहले दिया टारगेट, 'हिटमैन' से की भावुक अपील
यह भी पढ़ें- 'विराट का नंबर उसे मिलना चाहिए', वसीम जाफर ने बताया कौन होगा कोहली का परफेक्ट रिप्लेसमेंट? नाम लेकर सभी को चौंकाया
