IPL नीलामी: जानिए किस खिलाड़ी को किसने खरीदा, कौन-कौन बने करोड़पति
आइपीएल 10 की नीलामी में इंग्लैंड का ये खिलाड़ी सबसे महंगा बिका।
बेंगलुरु, जेएनएन। इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) के दसवें सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी खत्म हो गई। इस नीलामी में कुल 350 से ज्यादा खिलाड़ियों की बोली लगी थी। इस बार इंग्लैंड के ऑल राउंडर बेन स्टोक्स सबसे महंगे बिके तो इशांत शर्मा, इमरान ताहिर, इरफान पठान, रॉस टेलर, चेतेश्वर पुजारा जैसे खिलाड़ी नहीं बिक पाए। इस नीलामी में कुल 66 खिलाड़ी बिके जिसमें 27 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं।
सबसे महंगे बिके बेन स्टोक्स
इंग्लैंड के इस ऑलराउंडर खिलाड़ी का बेस प्राइस 2 करोड़ रूपये था। गेंद और बल्ले दोनों से दमदार प्रदर्शन करने की काबिलियत के चलते सभी फ्रेंचाइजी बेन स्टोक्स को लेने के लिए आतुर दिखीं। खासतौर पर मुंबई और दिल्ली ने तो कीमत 10 करोड़ तक पहुंचा दी। इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद और राइजिंग पुणे सुपर जाएंट्स ने इस कीमत को 14.50 करोड़ रूपये तक पहुंचाया और फिर इसमें पुणे ने बाज़ी मारते हुए बेन स्टोक्स को अपनी टीम में शामिल कर लिया। इसी के साथ स्टोक्स आइपीएल के इतिहास के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी भी बन गए। इससे पहले साल 2015 में युवराज सिंह को 16 करोड़ रूपये में डेल्ही डेयरडेविल्स ने सबसे महंगे खिलाड़ी के रूप में खरीदा था।
इसके बाद पुणे की टीम ने जयदेव उनादकट को उनके बेस प्राइस 30 लाख रूपये में खरीद लिया। डेन क्रिस्चयन को राइजिंग पुणे सुपर जाएंट्स ने उनके बेस प्राइस एक करोड़ रूपये में खरीद लिया। मनोज तिवारी को पुणे ने 50 लाख रुपए में खरीदा।
टाइमल मिल्स को आरसीबी ने 12 करोड़ में खरीदा
इंग्लैंड के डेथ ओवर स्पेशलिस्ट तेज़ गेंदबाज़ टाइमल मिल्स को अपने टीम में शामिल करने के लिए सभी फ्रेंचाइजियों में होड़ सी मची हुई थी। किंग्स इलेवन पंजाब, मुंबई और केकआर तो इस खिलाड़ी को लेने के लिए बोली पर बोली लगाए जा रहे थे। लेकिन बाज़ी मारी आरसीबी ने वो भी पूरे 12 करोड़ रूपये खर्च कर।
पिछले साल आइपीएल ऑक्शन में सबसे ज़्यादा मूल्य पर बिकने वाले पवन नेगी का बेस प्राइस 30 लाख रूपये था। लेकिन इस बार पवन नेगी को आरसीबी ने एक करोड़ रूपये खर्च कर अपनी टीम में शामिल कर लिया। इसके साथ ही आरसीबी ने अनकैप्ड तेज़ गेंदबाज़ अनिकेत चौधरी को भी 2 करोड़ रूपये की बोली लगाकर खरीदा। अनिकेत ने इंडिया ए और बांग्लादेश के खिलाफ मैच में 4 विकेट लिए थे। अनिकेत का बेस प्राइस 10 लाख रूपये था।
इसके बाद जब अनसोल्ड खिलाड़ियों के नामों की दोबारा बोली तो आरसीबी ने बिली स्टेनलेक को उनके बेस प्राइस 30 लाख रूपये में खरीद लिया।
दिल्ली की टीम ने खरीदे ये खिलाड़ी
श्रीलंका के ऑलराउंडर एंजेलो मैथ्यूज़ का बेस प्राइस 2 करोड़ रूपये था। इतने ही पैसे खर्च कर डेल्ही डेयरडेविल्स ने उन्हें अपने खेमे में शामिल किया। इसके बाद दिल्ली ने न्यूज़ीलैंड के कोरी एंडरसन को भी 1 करोड़ रूपये की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल कर लिया। द.अफ्रीका के कगिसो रबादा को दिल्ली ने 5 करोड़ रूपये खर्च कर अपने बेड़े में शामिल कर लिया। इसके बाद दिल्ली की टीम ने ऑस्ट्रेलिया के तेज़ गेंदबाज़ पैट कमिंस को भी 4.5 करोड़ रूपये में अपनी टीम में शामिल कर लिया। आदित्य तारे को भी डेयरडेविल्स ने 25 लाख खर्च कर खरीदा। अनकैप्ड स्पिन गेंदबाज़ मुरुगन अश्विन को भी दिल्ली ने 1 करो़ड़ रूपये में खरीद लिया।
क्रिस वोक्स को केकेआर ने खरीदा
कोलकाता नाइटराइडर्स ने न्यूज़ीलैंड के तेज़ गेंदबाज़ ट्रेंट बोल्ट को 5 करोड़ रूपये में खरीदा। बोल्ट ने पिछला सीज़न सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खेला था। इसके बाद केकेआर ने इंग्लैंड के ऑलराउंडर खिलाड़ी क्रिस वोक्स को भी 4 करोड़ रूपये की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल कर लिया। ऑलराउंडर रिषी धवन को कोलकाता ने 55 लाख रूपये की बोली लगाकर खरीदा।
इसके बाद जब अनसोल्ड खिलाड़ियों के नामों की दोबारा बोली तो केकेआर ने ऑस्ट्रेलिया के तेज़ गेंदबाज़ नाथन कॉल्टर नाइल को 3.50 करोड़ रूपये में खरीद लिया।
किंग्स इलेवन पंजाब ने इन खिलाड़ियों को खरीदा
इंग्लैंड के सीमित ओवरों के कप्तान इयान मोर्गन को किंग्स इलेवन पंजाब ने 2 करोड़ रूपये में खरीद लिया। पंजाब एकलौती फ्रेंचाइजी रही जिसने मोर्गन के लिए बोली लगाई। मोर्गन का बेस प्राइस 2 करोड़ रूपये ही था। अनकैप्ड ऑलराउंडर खिलाड़ी राहुल तेवतिया को पंजाब ने 25 लाख रूपये में खरीदा। इसके बाद ने पंजाब अनकैप्ड तेज़ गेंदबाज़ टी. नटराजन को 3 करोड़ रूपये की बोली लगाकर किंग्स इलेवन ने अपने टीम में शामिल किया। टी. नटराजन का बेस प्राइस 10 लाख रूपये था। न्यूज़ीलैंड के तेज़ गेंदबाज़ मैट हेनरी को किंग्स इलेवन ने उनके बेस प्राइस 50 लाख रूपये में खरीदा। इसके बाद किंग्स की टीम ने वरूण ऐरॉन को 2.80 करोड़ की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया। वरूण ऐरॉन का बेस प्राइस 30 लाख रूपये था।
इसके बाद जब अनसोल्ड खिलाड़ियों के नामों की दोबारा बोली तो पंजाब ने न्यूज़ीलैंड के ओपनिंग बल्लेबाज़ मार्टिन गप्टिल को उनके बेस प्राइस 50 लाख रूपये में खरीद लिया। इसके बाद डैरेन सैमी को पंजाब ने उनके बेस प्राइस 30 लाख में खरीद लिया।
मुंबई ने करन शर्मा को 3.50 करोड़ में खरीदा
ऑस्ट्रेलिया के तेज़ गेंदबाज़ मिचेल जॉनसन को मुंबई ने उनके बेस प्राइस 2 करोड़ रूपये में खरीद लिया। वेस्टइंडीज़ के विकेटकीपर निकोल्स पूरन को मुंबई ने उनके बेस प्राइस 30 लाख रूपये में खरीदा। अनकैप्ड ऑलराउंडर खिलाड़ी के. गौतम को मुंबई ने 2 करोड़ रूपये की बोली लगाकर खरीदा। मुंबई इंडियंस ने करन शर्मा को 3.50 करोड़ रूपये खर्च कर अपनी टीम में शामिल किया। ऑलराउंडर करन शर्मा का बेस प्राइस 30 लाख रूपये था।
इसके बाद जब अनसोल्ड खिलाड़ियों के नामों की दोबारा बोली तो मुंबई ने सौरभ तिवारी को उनके बेस प्राइस 30 लाख रूपये में खरीद लिया।
पहले अफगानिस्तानी खिलाड़ी को हैदराबाद ने खरीदा
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने अफगानिस्तान के मुहम्मद नबी को उनके बेस प्राइस 30 लाख रूपये में खरीदा। इसके साथ ही सनराइजर्स की टीम आइपीएल की पहली ऐसी फ्रेंचाइजी बन गई जिसने किसी अफगानिस्तान के खिलाड़ी को खरीदा हो। अनकैप्ड विकेटकीपर एकलव्य दिवेदी को हैदराबाद ने 75 लाख रूपये में खरीदा। एकलव्य का बेस प्राइस 10 लाख रूपये था। अफगानिस्तान के स्पिन गेंदबाज़ रशीद खान अरमान का बेस प्राइस 50 लाख रूपये था। लेकिन उन्हें अपनी टीम में शामिल करने के लिए फ्रेंचाइजियों ने जी जान लगा दी। 18 साल के इस लेग स्पिनर को अपनी टीम में लेने के लिए मुंबई और हैदराबाद में जबरदस्त होड़ मची और अंत में हैदराबाद ने 4 करोड़ रूपये में रशीद खान अरमान को खरीद लिया। इसके बाद सनराइजर्स ने प्रवीन तांबे को भी 10 लाख रूपये खर्च कर अपनी टीम में शामिल कर लिया।
इसके बाद जब अनसोल्ड खिलाड़ियों के नामों की दोबारा बोली तो हैदराबाद ने इंग्लैंड के ऑलराउंडर क्रिस जोर्डन को उनके बेस प्राइस 50 लाख रूपये में खरीद लिया। इसके बाद बेन लॉफ्लिन को भी हैदराबाद ने उनके बेस प्राइस 30 लाख रूपये में खरीदा। इसके साथ ही सनराइजर्स ने मोहम्मद सिराज को जिनका बेस प्राइस 20 लाख था। उन्हें 2.60 करोड़ रूपये में खरीद लिया।
गुजरात लायंस ने इन खिलाड़ियों को खरीदा
अनकैप्ड तेज़ गेंदबाज़ों से अपनी खरीदारी की शुरूआत करते हुए गुजरात लायंस ने नाथू सिंह को 50 लाख रूपये में खरीदा। नाथू सिंह का बेस प्राइस 10 लाख रूपये था। इसके बाद गुजरात लायंस ने मनप्रीत गोनी को 60 लाख रूपये खर्च कर अपनी टीम में शामिल किया। गोनी का बेस प्राइस 30 लाख रूपये था।
इसके बाद जब अनसोल्ड खिलाड़ियों के नामों की दोबारा बोली तो गुजरात लायंस ने इंग्लैंड के ओपनर जेसन रॉय को उनके बेस प्राइस 1 करोड़ रूपये में खरीद लिया। गुजरात लायंस ने इसके बाद मुनाफ पटेल को उनके बेस प्राइस 30 लाख रूपये में खरीदा।
जो खिलाड़ी रहे अनसोल्ड
विदेशी खिलाड़ियों में न्यूज़ीलैंड के कोलिन मुनरो, जेम्स नीश्म, रॉस टेलर, ईश सोढ़ी, इंग्लैंड के एलेक्स हेल्स, जॉनी बेयरस्टो, ऑस्ट्रेलिया के नाथन ल्योन, सीन एबॉट, बेन डंक, ब्रैड हॉग, श्रीलंका के तिसारा परेरा, दिनेश चांडीमल, लक्षन संदकन, द.अफ्रीका के इमरान ताहिर, कायल एबॉट, अफगानिस्तान के असगर स्तानकजई और वेस्टइंडीज़ के मार्लोन सैमुअल्स, आंद्रे फ्लेचर, जॉनसन चार्ल्स भी अनसोल्ड रहे।
भारतीय खिलाड़ियों में इशांत शर्मा, इरफान पठान, आरपी सिंह, चेतश्वर पुजारा, परवेज़ रसूल, प्रज्ञान ओझा, उन्मुक्त चंद, मनविंदर बिस्ला, श्रीवत्स गोस्वामी, आकाशदीप नाथ, पृथ्वी शॉ, मोहित अहलावत, फैज़ फजल, अबू नचीम जैसे खिलाड़ियों पर किसी भी फ्रेंचाइजी ने बोली लगाना ठीक नहीं समझा। इसके साथ ही साथ इस सीज़न में रणजी ट्रॉफी में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले प्रियांक पांचाल पर भी किसी फ्रेंचाइजी ने बोली नहीं लगाई।