IPL Auction मे KL Rahul पर लगी जमकर बोली, चेन्नई और आरसीबी को पछाड़ इस टीम ने दिया भारतीय बल्लेबाज का साथ
साल 2013 से अपने आईपीएल करियर की शुरुआत करने वाले केएल राहुल दो फ्रेंचाइजियों के कप्तान भी रह चुके हैं। उन्होंने पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी की है। राहुल का आईपीएल में प्रदर्शन दमदार रहा है। साल 2018 से जिस सीजन में भी वह पूरा खेले हैं 500 से ज्यादा रन बनाए हैं। इस बार राहुल से फिर यही उम्मीद होगी।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। केएल राहुल... एक ऐसा बल्लेबाज जो टेस्ट की तकनीक रखता है तो टी20 की आक्रामकता भी। इसलिए जब केएल राहुल का नाम IPL 2025 Mega Auction में आया तो दिग्गजों ने ये कहना शुरू कर दिया था कि राहुल पर धन वर्षा होना तय है। राहुल 2013 से आईपीएल खेल रहे हैं। वह पिछले साल तक लखनऊ सुपर जायंट्स में थे। लेकिन इस बार फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिटेन नहीं किया। राहुल नीलामी में उतरे और उन पर फ्रेंचाइजियों ने जमकर बोली लगाई। नतीजा ये रहा कि इस बार राहुल दिल्ली कैपिटल्स की जर्सी में दिखने वाले हैं और इसके लिए उन्हें 14 करोड़ रुपये मिलेंगे।
राहुल के लिए कोलकाता और आरसीबी ने लड़ाई लड़ी। दोनों को कप्तान की जरूरत है और राहुल पंजाब के अलावा लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी कर चुके हैं। दोनों ही टीम लगातार राहुल की बोली बढ़ाती चली गईं। 11 करोड़ की कीमत के साथ दिल्ली ने बीच में एंट्री मार दी। 12 करोड़ पर केकेर हट गई और यहां चेन्नई की एंट्री हो गई। राहुल को दिल्ली ने 14 करोड़ की आखिरी बोली में खरीदा।
यह भी पढ़ें- DC squad for IPL 2025 Live: 11.75 करोड़ रुपये में दिल्ली के हुए मिचेल स्टार्क, अब ऐसा तैयार हुआ स्क्वाड
लखनऊ के साथ विवाद
साल 2022 में लखनऊ फ्रेंचाइजी ने आईपीएल में कदम रखा। राहुल पंजाब किंग्स से इस फ्रेंचाइजी में आए और कप्तान बना दिए गए। पहले ही सीजन में उन्होंने टीम को प्लेऑफ में पहुंचा दिया। लेकिन अगले सीजन वह चोट के कारण आधा सीजन ही खेल पाए। आईपीएल-2024 में वह वापस आए और लखनऊ की कप्तानी की। इस साल लखनऊ की टीम अच्छा नहीं कर पा रही थी। इसी बीच लखनऊ के मालिक संजीव गोयनका का राहुल पर गुस्सा करते हुए वीडियो वायरल हो गया। इस वीडियो में ऐसा लग रहा था कि संजीव जमकर राहुल पर चिल्ला रहे हैं।
तभी से ये तय माना जा रहा था कि राहुल अगले साल लखनऊ में नहीं दिखेंगे। फ्रेंचाइजी ने जब रिटेंशन लिस्ट जारी की तो राहुल का नाम उसमें नहीं था। राहुल का भी बयान आया था कि वह नई शुरुआत करना चाहते हैं।
इन टीमों से खेले
राहुल का आईपीएल करियर शुरू होता है साल 2013 से। तब वह विराट कोहली की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू का हिस्सा थे। लेकिन अगले सीजन वह सनराइजर्स हैदराबाद में चले गए। दो साल तक हैदराबाद के लिए खेलने के बाद राहुल की आरसीबी में वापसी हुई। 2017 में वह कंधे की चोट के कारण नहीं खेले। फिर आया 2018। इस साल राहुल गए पंजाब किंग्स में जो उस समय किंग्स इलेवन पंजाब के लिए जानी जाती थी। राहुल इस टीम के उप-कप्तान बनाए गए।
साल 2020 में राहुल को पंजाब का कप्तान नियुक्त किया गया क्योंकि रविचंद्रन अश्विन पंजाब का साथ छोड़ दिल्ली कैपिटल्स में आ गए थे। 2022 तक राहुल पंजाब के साथ ही रहे और फिर लखनऊ आ गए
ऐसा रहा परफॉर्मेंस
राहुल का आईपीएल में परफॉर्मेंस देखा जाए तो अभी तक उन्होंने कुल 132 मैच खेले हैं जिनमें 45.47 की औसत और 134.61 की स्ट्राइक रेट से 4683 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से चार शतक और 37 अर्धशतक निकले हैं। राहुल का अभी तक का बेस्ट आईपीएल साल 2020 का रहा। इस साल उन्होंने 14 मैचों में 670 रन बनाए। राहुल के बल्ले से इस सीजन एक शतक और पांच अर्धशतक निकले। 2018 से 2024 तक राहुल चार बार एक सीजन में 600 से ज्यादा रन बना चुके हैं। राहुल ने 2023 को चोट के कारण आधा सीजन छोड़ दिया था। इस सीजन को हटा दें तो राहुल ने 2018 से लगातार हर सीजन 500 से ज्यादा रन बनाए हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।