विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IPL 2026 Points Table: राजस्थान की जीत से बदली प्वाइंट्स टेबल, पंजाब को नंबर-1 से पटका; मुंबई ने झेला नुकसान

Published: Wed, 08 Apr 2026 09:37 AM (IST)

Latest IPL 2026 Points Table: राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 27 रन से हराकर आईपीएल 2026 की अंक तालिका ...और पढ़ें

HighLights

  1. RR vs MI: राजस्थान ने मुंबई को 27 रन से हराया

  2. जायसवाल-सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजों का कमाल

  3. आरआर ने आईपीएल 2026 की अंक तालिका में लगाई लंबी छलांग

डिजिटल डेस्क, जागरण दिल्ली। गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में मंगलवार रात बारिश रुकी, लेकिन इसके बाद राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाजों की ‘रन वर्षा’ ने मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों को तरबतर कर दिया। 

बारिश के कारण करीब ढाई घंटे की देरी से शुरू हुए इस मुकाबले में यशस्वी जायसवाल (77*) और 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी (39) ने बेखौफ खेलते हुए जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट जैसे गेंदबाजों से सजी पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के गेंदबाजी आक्रमण का ऐसा मानमर्दन किया कि मानो वो कोई नौसिखिए हों।

वैभव और यशस्वी ने तीन ओवर में ही 58 रन कूटकर मुंबई की गेंदबाजी को तहस-नहस कर दिया। दोनों ने महज पांच ओवर में 80 रन की विस्फोटक साझेदारी की, जिसमें दोनों ने मिलकर नौ छक्के जड़े। इतनी प्रचंड शुरुआत के दम पर राजस्थान ने 11 ओवर में 150 रन का स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम नौ विकेट पर 123 रन ही बना सकी और राजस्थान ने 27 रन से मुकाबला अपने नाम किया।

राजस्थान ने लगाई जीत की हैट्रिक 

राजस्थान की यह लगातार तीसरी जीत है, जबकि मुंबई की लगातार दूसरी हार है। दोपहर से हो रही वर्षा रुकने के बाद रात करीब 9.55 बजे टास हुआ और मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय किया। यशस्वी और वैभव की आरंभिक जोड़ी ने पहली गेंद से ही प्रहार शुरू किया। 

यशस्वी ने दीपक चाहर के पहले ही ओवर में चार चौके और एक छक्का जड़ते हुए 22 रन कूटे तो वैभव ने अगला ओवर फेंकने आए जसप्रीत बुमराह का वाइड लांगआन पर छक्के से स्वागत किया। 15 साल के वैभव के इस शाट पर बुमराह भी मुस्कुराते नजर आए। सामने बुमराह जैसा गेंदबाज हो तो कोई भी बल्लेबाज दबाव में आ जाता है, लेकिन वैभव ने दो गेंद बाद बुमराह को फिर डीप स्क्वेयर लेग के ऊपर से एक और छक्का जड़ा। 

वैभव-यशस्वी चमके

हार्दिक ने तीसरा ओवर में ट्रेंट बोल्ट को थमाया, लेकिन यशस्वी और वैभव ने तीन छक्के जड़ते हुए बोल्ट का सारा करंट निकाल दिया। वैभव-यशस्वी की तूफानी बल्लेबाजी से तीन ओवर में ही 58 रन बोर्ड पर लग गए थे, जो आईपीएल इतिहास का तीन ओवर में तीसरा सर्वोच्च स्कोर है। हार्दिक ने चौथे ओवर में केवल चार रन दिए, लेकिन छोटे से विराम के बाद एक बार फिर वैभव ने फिर आतिशबाजी शुरू की और शार्दुल की पहली ही गेंद पर छक्का लगाया, उसके बाद चौका। 

हालांकि शार्दुल ने इस साझेदारी को तोड़ा और अंतिम गेंद पर वैभव को आउट किया। तिलक वर्मा ने डीप एक्सट्रा कवर पर शानदार कैच लपका, लेकिन तब तक ये बिहारी बाबू अपना काम कर चुका था। वैभव ने 19 गेंदों में पांच छक्के और एक चौका जड़ा।

वैभव के आउट होने के बाद यशस्वी ने मोर्चा संभाला और एक छोर को थामे रखा। ध्रुव जुरैल ने जल्द विकेट गंवाया, लेकिन यशस्वी ने दूसरे छोर से रन वर्षा जारी रखी और केवल 23 गेंद में पाइंट की दिशा में शानदार कट शाट के साथ लगातार दूसरा अर्धशतक लगाया। राजस्थान के लिए यह उनका 19वां पचासा है।

जायसवाल ने पूरी पारी को शानदार अंदाज में संभाला और अपनी बल्लेबाजी में क्लास और ताकत का बेहतरीन मिश्रण दिखाया। पारी के अंत में जायसवाल ने एक और बाउंड्री लगाकर टीम को 150 रन तक पहुंचाया और अपनी टीम के लिए एक मजबूत स्कोर सुनिश्चित किया। 

गेंदबाजों ने भी किया कमाल

राजस्थान के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए मुंबई के बल्लेबाजों को दबाव में रखा। आर्चर ने पहले ही ओवर में रयान रिकेल्टन को आउट किया तो बर्गर ने दूसरे ओवर में सूर्यकुमार यादव का विकेट झटका। संदीप शर्मा ने स्लो यॉर्कर में रोहित शर्मा को फंसाया तो रवि बिश्नोई ने एक ही ओवर में हार्दिक और तिलक को आउट कर मुंबई को जीत से दूर कर दिया।


image

IPL 2026 Points Table Update

IPL 2026 Points Table के टॉप पर पहुंची RR

राजस्थान रॉयल्स की टीम ने मुंबई इंडियंस को 27 रन से हराकर आईपीएल 2026 की अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया। पंजाब किंग्स जो 5 अंक के साथ पहले स्थान पर थी, अब वो दूसरे स्थान पर खिसक गई है। आरआर की टीम ने अपना लगातार तीसरा मैच जीतकर 6 अंक के साथ पहला पायदान हासिल किया। पंजाब किंग्स की टीम 5 अंक के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि तीसरे स्थान पर आरसीबी की टीम है, जो 2 मैच जीतकर 4 अंक हासिल कर चुकी है। दिल्ली कैपिटल्स की टीम चौथे स्थान पर 4 अंक के साथ है, लेकिन नेट रन रेट आरसीबी का अच्छा है, इसलिए वो तीसरे पायदान पर है। सनराइजर्स हैदराबाद ने 3 में से एक मैच जीता है और वो 5वें स्थान पर है।

अभी तक छठे स्थान पर एमआई की टीम थी, लेकिन आरआर से मिली हार के बाद वो 7वें पायदान पर खिसक गई, जबकि छठे स्थान पर लखनऊ सुपर जायंट्स पहुंच गई है। केकेआर की टीम 3 मैच में 1 अंक लेकर 8वें स्थान, 9वें स्थान पर गुजरात टाइटंस है, जो अभी तक जीत का खाता नहीं खोल पाई है। आखिरी पायदान पर सीएसके है, जिसने अपने तीन मैच इस सीजन के गंवा दिए है।

यह भी पढ़ें- RR vs MI: 'हम पर कोई यकीन नहीं कर रहा था...', जीत की हैट्रिक लगाकर कप्तान रियान पराग गदगद

यह भी पढ़ें- RR vs MI Match Preview: रॉयल्स से मुकाबले में हार्दिक पांड्या की वापसी पर होंगी नजरें, मुंबई को जीत की तलाश