विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

RR vs DC: वैभव सूर्यवंशी को ताव दिखाना काइल जेमिसन को पड़ा भारी, दिल्ली के गेंदबाज को लगी फटकार

Published: Sat, 02 May 2026 11:49 AM (IST)

दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज काइल जेमिसन ने वैभव सूर्यवंशी को आउट कर जो जश्न मनाया था वो उन पर ...और पढ़ें

काइल जेमिसन को लगी फटकार

काइल जेमिसन को लगी फटकार

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। मौजूदा क्रिकेट में वैभव सूर्यवंशी का विकेट बहुत बड़ी बात बन गई है। आईपीएल में ये बल्लेबाज विश्व के दिग्गज गेंदबाजों को धूल चटा रहा है। ऐसे में जब कोई उनका विकेट ले लेता है तो खुशी का ठिकाना नहीं होता। इस खुशी में कई बार गेंदबाज ऐसा कुछ कर जाता है जो उसे भारी पड़ता है। दिल्ली कैपिटल्स के काइल जेमिसन के साथ कुछ ऐसा ही हुआ है।

दिल्ली कैपिटल्स का सामना शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स से उसके घर जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में था। राजस्थान ने इस मैच में पहले बैटिंग की और काइल जेमिसन ने वैभव को सिर्फ चार रनों के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया। इसके बाद जेमिसन ने जो किया उसके लिए उन्हें डांट पड़ी है।

हिस्से में आया डिमेरिट अंक

जेमिसन ने वैभव को दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर बोल्ड कर दिया था। इसके बाद जेमिसन ने हवा में मुक्के लहराए और जोर-जोर से चिल्लाए। फिर उन्होंने वैभव को आंखें भी दिखाईं। इसी को लेकर आईपीएल ने उनको लताड़ लगाई है। आईपीएल ने बयान जारी कर कहा है कि जेमिसन ने अपने सेलिब्रेशन के चलते नियमों का उल्लंघन किया है।

बयान में लिखा है, "दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाज जेमिसन के हिस्से एक डिमेरिट अंक आया है और उनको आईपीएल की आचार संहिता के लेवल-1 का दोषी पाया गया है। जेमिसन ने आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 का उल्लंघन किया है। जिसमें ऐसी भाषा, एक्शन और इशारों का उपयोग करना शामिल है जो मैच में दूसरे खिलाड़ियों को आक्रामक प्रतिक्रिया के लिए उकसा सकता है।"

जेमिसन ने माना कि उनसे गलती हुई है और उन्होंने पेनल्टी भी कबूल कर ली है जो मैच रेफरी राजीव सेठ ने उनके ऊपर लगाई है।

 

दिल्ली को मिली जीत

जहां तक मैच की बात है तो इसमें दिल्ली की टीम बाजी मारने में सफल रही। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट के नुकसान पर 225 रन बनाए। उसके लिए कप्तान रियान पराग ने 90 रनों की शानदार पारी खेली। दिल्ली कैपिटल्स ने ये टारगेट 19.1 ओवरों में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया।

यह भी पढ़ें- RR vs DC: दिल्ली ने राजस्थान को घर में पटक किया बड़ा कमाल, रॉयल्स के नाम भी आए अनचाहे रिकॉर्ड

यह भी पढ़ें- RR vs DC: राजस्थान को हराने के बाद भावुक हो गए अक्षर पटेल, हादसे में मारे गए फैंस को समर्पित की जीत