यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 31, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
IPL 2019: हैदराबाद से हार के बाद अपनी टीम के बारे में ये कहा कप्तान विराट कोहली ने
कोहली ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 118 रनों की हार को आइपीएल में अपनी टीम की सबसे खराब हार में से एक बताया।

हैदराबाद, प्रेट्र। आरसीबी के कप्तान विराट कोहली ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 118 रनों की हार को आइपीएल में अपनी टीम की सबसे खराब हार में से एक बताया। यह तीन मैचों में आरसीबी की तीसरी हार थी।
कोहली ने मैच के बाद कहा, 'यह हमारी सबसे खराब हार में शामिल है। इस मैच में हमारे लिए कुछ भी ठीक नहीं रहा। बल्कि पिछले मैच की आखिरी गेंद से हमारे लिए कुछ भी ठीक नहीं जा रहा। सनराइजर्स ने हमें खेल के हर विभाग में मात दी। वह एक स्तरीय टीम है। पिछली बार वह फाइनल में पहुंचे और उससे पिछले साल उन्होंने फाइनल में हमें हराकर खिताब जीता था।'
कोहली ने बेयरस्टो और वॉर्नर के बारे में कहा कि उनकी धमाकेदार ओपनिंग साझेदारी ने मैच छीन लिया। कोहली ने कहा, 'वार्नर और बेयरस्टो को श्रेय जाता है। हम कुछ अलग कोशिश करना चाहिए था। हम गेंद की रफ्तार कम कर सकते थे, लेकिन जब वे दोनों जम गए उसके बाद उन्हें रोका जाना मुश्किल था। कुछ चीजें आपके पक्ष में जानी जरूरी होती हैं। कुछ शॉट खिलाडि़यों के बीच गिर गए।'
सनराइजर्स के बारे में उन्होंने कहा कि सनराइजर्स का खेल बहुत अच्छा था। वे जीत के हकदार थे। कोहली इस मैच में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे। इस बारे में उन्होंने कहा, 'हमने शुरू में सोचा था कि मैं पारी का आगाज करूं। मैंने पहले भी ऐसा किया है लेकिन मेरे तीसरे नंबर पर उतरने से टीम में संतुलन बनता है। हमारे खिलाडि़यों को आगे अच्छा प्रदर्शन करना होगा। अभी 11 मैच बाकी हैं।'