Ranji Torphy: पृथ्वी शॉ के बाएं कंधे में लगी गंभीर चोट, मैदान से जाना पड़ा बाहर
Ranji Torphy पृथ्वी शॉ के कंधे में फील्डिंग के वक्त चोट लग गई। गेंद को रोकने की कोशिश में उन्होंने डाइव लगाई थी और फिर से घटना घटी।
मुंबई, प्रेट्र। पृथ्वी शॉ का वक्त कुछ ठीक नहीं चल रहा है। कुछ दिन पहले ही वो आठ महीने के लिए क्रिकेट से बैन कर दिए गए थे। बैन लगने से पहले वो चोटिल हो गए थे और भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा नहीं बन पाए थे। हालांकि बैन से वापसी करने के बाद उन्होंने बड़ौदा के खिलाफ दोहरा शतक लगाया था। हालांकि उसके बाद हुए मुकाबले में वो रन बनाने में कामयाब नहीं हो पाए थे और कर्नाटक के खिलाफ पहली पारी में भी वो एक बार फिर से बड़ी पारी खेलने से चूक गए।
कर्नाटक के खिलाफ मैच के पहले ही दिन पहली पारी में फील्डिंग के दौरान पृथ्वी शॉ के बाएं कंधे में चोट लग गई। मु्ंबई और कर्नाटक के बीच इस मुकाबले के बाद पृथ्वी शॉ को इंडिया ए के साथ न्यूजीलैंड दौरे पर जाना है। पृथ्वी के साथ ये वाकया मैच के पहले दिन के तीसरे सेशन में हुआ। बांद्रा-कुर्ला कांप्लेक्स मैदान पर एक थ्रो को रोकन के चक्कर में पृथ्वी शॉ ने डाइव लगाई और चोटिल हो गए। इसके तुरंत बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा।
पृथ्वी शॉ इंडिया ए टीम का हिस्सा हैं जो न्यूजीलैंड दौरे पर दस जनवरी को जाने वाली है। इंडिया ए को वहां समिति ओवरों के मुकाबले के साथ चार दिवसीय मुकाबले भी खेलने हैं। हालांकि पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद मुंबई के कप्तान सुर्यकुमार यादव ने कहा कि वो पहले से बेहतर नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब वो पहले से ठीक लग रहे हैं। जब मैंने उन्हें मैदान पर देखा था तब वो ठीक नहीं लग रहे थे, लेकिन अब उनकी स्थिति पहले से बेहतर लग रही है।
सूर्यकुमार यादव ने कहा कि हालांकि मैं फीजियो से मिलूंगा और फिर पता चलेगा कि आखिर उनकी स्थिति कैसी है। वहीं मुंबई टीम के एक सूत्र ने पीटीआई से कहा कि सावधानी के मद्देनजर उनका एमआरआई स्कैन करवाया जाएगा।