विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND W vs PAK W: मंधाना-शेफाली की फॉर्म से खौफ में पाकिस्तान! एशिया कप में तीसरी जीत पर भारत की नजर

Published: Fri, 04 Sep 2026 06:48 PM (GMT+05:30)

भारतीय टीम की नजरें अब शनिवार को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के विरुद्ध जीत के साथ लीग चरण का शानदार अंत करने पर हैं।

भारत बनाम पाकिस्‍तान

भारत बनाम पाकिस्‍तान

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

पीटीआई, दुबई। महिला एशिया कप के सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुकी भारतीय टीम की नजरें अब शनिवार को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के विरुद्ध जीत के साथ लीग चरण का शानदार अंत करने पर हैं।

हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने थाइलैंड और हांगकांग के विरुद्ध शानदार जीत हासिल की थी और अब टीम की नजर जीत की हैट्रिक पर है। पुरुष हों या महिला, बहु-टीम टूर्नामेंट में भारत-पाकिस्तान मुकाबलों को लेकर मैदान के बाहर काफी रोमांच रहता है लेकिन पिछले काफी समय से मैदान पर मुकाबले उतने प्रतिस्पर्धी नहीं रहे हैं।

दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में होने वाले मुकाबले में भारत का पलड़ा काफी मजबूत दिख रहा है। भारत के लिए यह मैच केवल औपचारिकता नहीं होगा। विश्व कप में पिछले कुछ मौकों पर समय से पहले बाहर होने के बाद भारतीय टीम को टी-20 प्रारूप में कुछ क्षेत्रों में सुधार की जरूरत है।

ऑस्ट्रेलिया जैसी टीम के वर्चस्व को चुनौती देने के लिए भारत को बेहतर पावर हिटर और तेज गेंदबाजों का मजबूत पूल तैयार करना होगा। हालांकि, एशियाई स्तर पर भारत के आसपास भी कोई टीम नजर नहीं आती। पिछली बार भारत किसी तरह श्रीलंका के विरुद्ध फाइनल में उपविजेता रहा था। दूसरी ओर, पाकिस्तान ने अपने शुरुआती मुकाबले में थाईलैंड को हराया है और अब भी सेमीफाइनल की दौड़ में बना हुआ है।

मंधाना-शेफाली शानदार फार्म में

भारत की प्रारंभिक बल्लेबाज स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा भी शानदार फार्म में हैं। मंधाना ने हांगकांग के विरुद्ध यादगार शतक लगाते हुए कई रिकॉर्ड अपने नाम किए और प्रतियोगिता की अन्य टीमों को अपनी बल्लेबाजी क्षमता का संकेत दे दिया।

दुबई की पिचों पर बल्लेबाजी आसान नहीं रही है। बल्लेबाजों को आमतौर पर पिच की गति और उछाल को समझने में करीब 10 गेंद लगती हैं और उसी के अनुसार पारी की योजना बनानी पड़ती है। मंधाना और शेफाली ने भी गुरुवार रात इसी रणनीति को अपनाया था।

मध्यक्रम में प्रतिका रावल, ऋचा घोष और कप्तान हरमनप्रीत कौर की भूमिका अहम होगी। तीनों अच्छी शुरुआत को बड़ी पारियों में तब्दील नहीं कर सकी हैं। खासकर नंबर तीन पर बल्लेबाजी कर रहीं रावल पर दबाव बढ़ रहा है।

वनडे में सफल रही रावल टी-20 प्रारूप की मांगों के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाई हैं। गेंदबाजी में नंदनी शर्मा का शामिल होना भारत के लिए सकारात्मक कदम रहा है। वह प्रमुख तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ के साथ नई गेंद संभालते हुए अपनी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन कर रही हैं।

पाकिस्तान को बल्लेबाजी में सुधार की जरूरत

पाकिस्तान को भारत को चुनौती देने के लिए अपनी बल्लेबाजी में बड़े सुधार की जरूरत है। बल्लेबाजी की कमजोरी लंबे समय से टीम की परेशानी रही है। थाइलैंड के विरुद्ध पिछले मैच में भी पाकिस्तान ने पावरप्ले में तीन विकेट गंवाकर खुद को मुश्किल में डाल लिया था।
हालांकि बाद में उसने 119 रन के मामूली लक्ष्य का सफलतापूर्वक बचाव कर लिया। टीम अब भी सलामी बल्लेबाज मुनीबा अली और कप्तान एवं गेंदबाजी ऑलराउंडर फातिमा सना पर काफी निर्भर है। भारत जैसी मजबूत टीम को चुनौती देने के लिए पाकिस्तान को इस निर्भरता से बाहर निकलना होगा।

भारतीय टीम

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), भारती फुलमाली, रिचा घोष (विकेटकीपर), गुनालन कमलिनी (विकेटकीपर), प्रतिका रावल, शेफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, क्रांति गौड़, प्रेमा रावत, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह ठाकुर, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, राधा यादव।

पाकिस्तान टीम

फातिमा सना (कप्तान), आयशा जफर, ईमान नसीर, ऐमान फातिमा, गुल फिरोजा, मोमिना रियासत, मुनीबा अली सिद्दीकी (विकेटकीपर), सदफ शमास, नशरा संधू, सादिया इकबाल, सायरा जाबीन, शवाल जुल्फिकार, तुबा हसन, उम्म-ए-हानी और वहीदा अख्तर।

भारत बनाम पाकिस्तान

  • स्थान: दुबई
  • समय: रात 8 बजे से
  • प्रसारण: सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क/सोनी लिव

यह भी पढ़ें- IND W vs HKC W: 'मुझे नहीं पता कि ये सब हो गया', Smriti Mandhana ने इतिहास रचने के बाद अपने बयान से किया हैरान

यह भी पढ़ें- मंधाना की शतकीय पारी के बाद गेंदबाजों ने उड़ाए हांगकांग के होश, जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में पहुंची टीम इंडिया

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।