यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 22, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
फिर से वापस आ रहे हैं धौनी, सोमवार को होगा वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का चयन
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का एलान रविवार को किया जाएगा।

अभिषेक त्रिपाठी, मेलबर्न। महेंद्र सिंह धौनी को जब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 टीम से बाहर किया गया तो लोगों को लगा कि इस पूर्व भारतीय कप्तान का समय अब खत्म हो गया है, लेकिन ऐसा कतई नहीं है। 12 जनवरी से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू होने वाली तीन वनडे की सीरीज में विकेटकीपर धौनी की वापसी होनी लगभग तय है। इसके लिए भारतीय चयनकर्ता सोमवार को आपस में बातचीत करेंगे। मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद मेलबर्न में हैं। वह, कप्तान विराट कोहली और कोच रवि शास्त्री से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये बाकी के चयनकर्ताओं शरणदीप सिंह, देवांग गांधी, गगन खोड़ा और जतिन परांजपे से बातचीत करेंगे।
वनडे टीम में बदलाव नहीं : भारतीय टीम के एक चयनकर्ता ने कहा कि अब विश्व कप तक भारतीय टीम में कोई भी बड़ा बदलाव नहीं होगा। अगर कोई चोटिल होता है या कोई और समस्या होती है तो बात अलग है। जब उनसे धौनी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह वेस्टइंडीज के खिलाफ हुई वनडे सीरीज में टीम का हिस्सा थे। उन्होंने एशिया कप में एक मैच में टीम इंडिया की कप्तानी भी की थी। निश्चित तौर पर वह ऑस्ट्रेलिया वनडे खेलने जाएंगे। अभी तक मेरे पास यही अपडेट है। वह अगले साल इंग्लैंड में होने वाले वनडे विश्व कप में भारतीय टीम की योजना का हिस्सा हैं। मालूम हो कि ऑस्ट्रेलिया में होने वाली वनडे सीरीज से पहले भारतीय टीम को मेलबर्न और सिडनी में दो टेस्ट मैच खेलने हैं। इसके बाद सीरीज का पहला वनडे भी सिडनी में ही है। ऐसे में वनडे टीम के ऐसे सदस्यों को जो टेस्ट टीम में शामिल नहीं हैं, पहले से ही ऑस्ट्रेलिया भेज दिया जाएगा जिससे वे यहां की परिस्थितियों में खुद को ढाल लें।
उठे थे सवाल : भारतीय टीम के पूर्व कप्तान धौनी ने ऑस्ट्रेलिया के पिछले दौरे में ही टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया था। इस बार टी-20 टीम से उन्हें बाहर किया और ऑस्ट्रेलिया में ही वनडे टीम में वापस आकर वह आलोचकों को बताएंगे कि वनडे विश्व कप तक वह इस टीम का हिस्सा रहेंगे। बीसीसीआइ के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा कि यह यह तय है कि ऑस्ट्रेलिया में 2020 में होने वाले टी-20 विश्व कप में धौनी नहीं खेलेंगे और यही कारण है कि चयनकर्ताओं ने क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में उनकी जगह रिषभ पंत को मौका देने के बारे में सोचा। इसके बारे में धौनी से भी बात की गई थी और उन्होंने इस पर सहमति भी बनाई थी। धौनी ने 2018 में सात टी-20 मैच खेले और उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 28 गेंद में नाबाद 52 रन की रही। बाकी छह पारियों में उन्होंने 51 गेंद में 71 रन बनाए।
विश्व कप से पहले भारत को खेलने हैं 13 वनडे : भारतीय टीम को इस टेस्ट सीरीज के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे खेलने हैं। इसके बाद उसे न्यूजीलैंड में पांच वनडे और तीन टी-20 मैच की सीरीज खेलनी है। फरवरी में ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत आएगी और पांच वनडे व दो टी-20 मैचों की सीरीज खेलेगी। इसके बाद टीम इंडिया के खिलाड़ी अपनी-अपनी टीमों के साथ आइपीएल में व्यस्त हो जाएंगे। इसके बाद इंग्लैंड में विश्व कप शुरू हो जाएगा जिसमें पांच जून को भारत अपने पहले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगा।
भारतीय टीम का कार्यक्रम
तारीख, फॉर्मेट, विपक्षी, स्थान
12 जनवरी, वनडे, ऑस्ट्रेलिया, सिडनी
15 जनवरी, वनडे, ऑस्ट्रेलिया, एडिलेड
18 जनवरी, वनडे, ऑस्ट्रेलिया, मेलबर्न
23 जनवरी, वनडे, न्यूजीलैंड, नेपियर
26 जनवरी, वनडे, न्यूजीलैंड, माउंट मौंगानुई
28 जनवरी, वनडे, न्यूजीलैंड, माउंट मौंगानुई
31 जनवरी, वनडे, न्यूजीलैंड, हैमिल्टन
03 फरवरी, वनडे, न्यूजीलैंड, वेलिंगटन
06 फरवरी, टी-20, न्यूजीलैंड, वेलिंगटन
08 फरवरी, टी-20, न्यूजीलैंड, ऑकलैंड
10 फरवरी, टी-20, न्यूजीलैंड, हैमिल्टन
24 फरवरी, वनडे, ऑस्ट्रेलिया, मोहाली
27 फरवरी, वनडे, ऑस्ट्रेलिया, हैदराबाद
02 मार्च, वनडे, ऑस्ट्रेलिया, नागपुर
05 मार्च, वनडे, ऑस्ट्रेलिया, दिल्ली
08 मार्च, वनडे, ऑस्ट्रेलिया, रांची
10 मार्च, टी-20, ऑस्ट्रेलिया, बेंगलुरु
13 मार्च, टी-20, ऑस्ट्रेलिया, विशाखापत्तनम