Move to Jagran APP

खिलाड़ी उलझे और बन गईं सुर्खियां: ये हैं IPL के 10 प्रमुख विवाद

आइपीएल और विवादों का गहरा नाता रहा है। आइपीएल मैदान के बाहर के तो ठीक लेकिन मैदान के अंदर क्रिकेटर्स के बीच हुए विवादों के कारण भी सुर्खियों में रहा है।

By sanjay savernEdited By: Published: Tue, 03 May 2016 05:07 PM (IST)Updated: Wed, 04 May 2016 01:01 PM (IST)
खिलाड़ी उलझे और बन गईं सुर्खियां: ये हैं IPL के 10 प्रमुख विवाद

नई दिल्ली। आइपीएल और विवादों का गहरा नाता रहा है। आइपीएल मैदान के बाहर के तो ठीक लेकिन मैदान के अंदर क्रिकेटर्स के बीच हुए विवादों के कारण भी सुर्खियों में रहा है। पिछले दिनों मुंबई इंडियंस के हरभजन सिंह और अंबाती रायुडू के बीच हुए झगड़े ने आइपीएल से जुड़े विवादों की यादें ताजा करवा दी।

loksabha election banner

आइपीएल के पहले संस्करण में मुंबई इंडियंस के हरभजन सिंह द्वारा किंग्स इलेवन के एस. श्रीसंत को थप्पड़ मारने से इन विवादों की शुरुआत हुई थी। इसी कड़ी में आरसीबी के कप्तान विराट कोहली और केकेआर के कप्तान गौतम गंभीर की उलझा-उलझी हुई थी। विवादों की इस कड़ी में पिछले संस्करण में केकेआर के रॉबिन उथप्पा और आरसीबी के युवा खिलाड़ी सरफराज आपस में उलझे थे।

हरभजन-श्रीसंत विवाद 2008

आइपीएल के शुरुआती संस्करण में ही यह थप्पड़ प्रकरण हुआ था। मुंबई इंडियंस के भज्जी ने कथित तौर पर किंग्स इलेवन के तेज गेंदबाज एस. श्रीसंत को थप्पड़ मारा था। बताया जाता है कि मैच में जीत के बाद श्रीसंत ने भज्जी का मजाक उड़ाया, जिसके चलते यह घटना हुई। इसके बाद हरभजन को टूर्नामेंट के उस सत्र के लिए बैन किया गया था जबकि श्रीसंत को चेतावनी देकर छोड़ा गया था।

शेन वॉर्न-सौरव गांगुली 2008

महान ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर शेन वॉर्न और पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली के बीच हुआ विवाद काफी सुर्खियों में रहा था। यह घटना तब हुई जब केकेआर के कप्तान गांगुली को राजस्थान रॉयल्स के ग्रीम स्मिथ ने डीप मिडविकेट पर कैच किया। गांगुली को लगा कि कैच नहीं हुआ है और उन्होंने अंपायर को रिव्यू लेने के लिए मजबूर किया। थर्ड अंपायर ने गांगुली के पक्ष में फैसला दिया, जिससे नाराज होकर राजस्थान के कप्तान वॉर्न और गांगुली के बीच तीखी बहसबाजी हुई।

मुनफ पटेल-अमित मिश्रा 2011

मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज मुनफ पटेल द्वारा डाले गए अंतिम ओवर की तीसरी और चौथी गेंद पर अमित मिश्रा ने लगातार दो चौके लगाए जिससे मुनफ नाराज हो गए। इसके चलते दोनों के बीच तीखे शब्दों का आदान-प्रदान हुआ। पांचवीं गेंद पर दोनों आपस में टकरा गए और अंपायर को उन्हें अलग करना पड़ा। सचिन तेंदुलकर ने भी मुनफ को समझाया।

अंबाती रायडू-हर्शल पटेल 2012

मुंबई इंडियंस की आरसीबी पर पांच विकेट की जीत के बाद जश्न मनाते रायडू ने पास से गुजरते हर्शल पटेल पर कुछ कमेंट किया। आरसीबी के इस गेंदबाज हर्शल को गुस्सा आया और वे रायडू की तरफ बढ़े। लेकिन आरसीबी के कप्तान विराट ने पटेल को रोक लिया। रायुडू पर 100 प्रतिशत मैच फीस का तथा हर्शल पर 25 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना किया गया।

किरोन पोलार्ड-शेन वॉटसन 2013

मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच हुए मैच के दौरान मुंबई के पोलार्ड और राजस्थान के वॉटसन के बीच बहसबाजी हुई। वॉटसन जैसे ही बल्लेबाजी के लिए पोलार्ड ने उनकी नकल उतारी। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे पर कमेंट किए। अंपायर्स और मुंबई के कप्तान रोहित द्वारा मध्यस्थता करने पर मामला शांत हुआ।

विराट कोहली-गौतम गंभीर 2013

विराट कोहली और गौतम गंभीर दोनों गर्ममिजाज क्रिकेटर है और अपनी भावनाएं मैदान पर दिखाने में परहेज नहीं करते हैं। आरसीबी के कप्तान विराट कोहली जब प्रदीप सांगवान की गेंद पर छक्का लगाने के प्रयास में कैच हुए, केकेआर के खिलाड़ी जोरदार जश्न मनाने लगे। इस जश्न से नाराज होकर कोहली कुछ बोले तो गंभीर क्यों चुप रहते। इसे लेकर कोहली और गंभीर में तकरार हुई। इन दो दिग्गज क्रिकेटरों को आपस में भिड़ते देख सभी स्तब्ध रह गए थे। दिल्ली के साथी रजत भाटिया ने दोनों को अलग करने का प्रयास किया और इस दौरान अंपायर ने भी उन्हें दूर रहने को कहा।

किरोन पोलार्ड-मिचेल स्टार्क 2014

आइपीएल के सातवें संस्करण में आरसीबी के मिचेल स्टार्क ने मुंबई के पोलार्ड को एक बाउंसर फेंकी जिस पर वे चकमा खा गए। स्टार्क ने वॉटसन पर कुछ कमेंट किया, जिसका उन्होंने तुरंत जवाब दिया। स्टार्क जैसे ही अगली गेंद डालने को आए, वॉटसन क्रीज से हट गए लेकिन स्टार्क रूके नहीं और उन्होंने गुस्से में वॉटसन को निशाना बनाकर गेंद डाली। पोलार्ड ने भी अपना बल्ला स्टार्क की तरफ फेंका। दोनो के बीच बहसबाजी हुई और दोनों पर जुर्माना लगाया गया।

जब पोलार्ड ने मुंह पर चिपकाया टेप 2014

आइपीएल मैच देख रहे फैंस उस समय चौंक गए जब उन्होंने किरोन पोलार्ड को मुंह पर टेप चिपकाए हुए देखा। वास्तव में अंपायर ने पोलार्ड (मुंबई इंडियंस) को क्रिस गेल (आरसीबी) के साथ मजाकिया लहजे में बहसबाजी करते हुए देखकर बोलने से मना किया था। पोलार्ड को इस तरह देखकर सभी हंस रहे थे। बाद में पोलार्ड ने स्पष्ट किया कि उन्होंने मजाक में यह काम किया था।

रॉबिन उथप्पा-सरफराज खान 2015

आइपीएल के पिछले संस्करण में केकेआर के रॉबिन उथप्पा का आरसीबी के रिजर्व खिलाड़ी सरफराज खान से विवाद हुआ था। क्रिस गेल के आउट होने के बाद जब सरफराज ड्रिंक्स लेकर मैदान में आए थे उस वक्त इनके बीच विवाद हुआ। इसके कुछ समय बाद मैच खत्म हुआ और उसके बाद भी सरफराज को उथप्पा अपशब्द कहते रहे और उनको मारने के लिए भी दौड़े। एबी डी'विलियर्स और अशोक डिंडा ने बीचबचाव कर विवाद खत्म किया।

हरभजन सिंह-अंबाती रायुडू 2016

मुंबई के हरभजन सिंह की गेंद पर पुणे के सौरभ तिवारी ने डीप मिडविकेट और लांग ऑन के बीच से शॉट जमाया। रायुडू गेंद को ठीक से रोक नहीं पाए और गेंद उनके हाथ से लगने के बाद बाउंड्री के बाहर चली गई। हरभजन गुस्सा हो गए और बीच पिच से रायडू को चिल्लाकर गाली दी। गाली सुनकर रायडू भी भड़क गए और जवाब देने आ गए।

क्रिकेट की खबरों के लिए यहां क्लिक करें

खेल की खबरों के लिए यहां क्लिक करें


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.