IND vs SL weather report: एशियन गेम्स क्रिकेट के सेमीफाइनल का मजा किरकिरा करेगी बारिश? मैच रद होने पर किसे होगा फायदा
भारत और श्रीलंका के बीच गुरुवार को एशियन गेम्स 2026 का सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमें चाहेंगी कि आसमान साफ रहे, ताकि मैच खेला जा सके।

भारत और श्रीलंका के बीच मैच
HighLights
भारत और श्रीलंका के बीच एशियन गेम्स 2026 का सेमीफाइनल खेला जाएगा
एशियन गेम्स 2026 के सभी क्वार्टर फाइनल मैच बारिश की भेंट चढ़े
भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा मैच का लाइव एक्शन
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच गुरुवार को एशियन गेम्स 2026 का सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे मैच का लाइव एक्शन शुरू होगा। टॉस आधे घंटे पहले होगा। दोनों टीमें चाहेंगी कि आसमान साफ रहे, ताकि खेलने का मौका मिले।
याद हो कि एशियन गेम्स 2026 के सभी क्वार्टर फाइनल मुकाबले बारिश की भेंट चढ़ गए थे। भारत को क्वार्टर फाइनल में अफगानिस्तान से भिड़ना था जबकि पाकिस्तान का मुकाबला हांगकांग से होना था। श्रीलंका की नेपाल से भिड़ंत और बांग्लादेश को मलेशिया की चुनौती का सामना करना था।
हालांकि, चारों क्वार्टर फाइनल में क्रिकेट एक्शन गायब रहा क्योंकि बारिश के कारण एक भी गेंद का मुकाबला नहीं हो सका। रैंकिंग के आधार पर टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर सकीं। नागोया में कई दिन खराब मौसम रहा।
फैंस के लिए खुशखबरी
एक्यूवेदर की मानें तो 30 सितंबर को बारिश की संभावना नहीं है। हां, बादल जरूर घिरे रह सकते हैं। यहां तापमान ठंडा रहेगा करीब 20 डिग्री सेलसियस। हालांकि, लगातार कई दिनों की बारिश के कारण आउटफील्ड चिंता का विषय बन सकती है।
एक्यूवेदर की रिपोर्ट जानकर फैंस खुश हो सकते हैं क्योंकि उन्हें पूरे मैच का लाइव एक्शन देखने को मिलेगा। बहरहाल, मौसम की मार इस मैच में भी बाधा डाल सकती है। देखना दिलचस्प होगा कि मैच का एक्शन देखने को मिलेगा या नहीं।
बारिश में धुला मैच तो फाइनल में कौन पहुंचेगा
अगर बारिश के कारण सेमीफाइनल मैच रद हुआ तो उच्च रैंकिंग वाली टीम फाइनल में पहुंच जाएगी। एशियन गेम्स प्रतियोगिता ने आईसीसी टी20 इंटरनेशनल टीम रैंकिंग्स को तवज्जो देता है और इसमें उच्च रैंकिंग वाली टीम आगे बढ़ जाती है।
आईसीसी की टी20 इंटरनेशनल टीम रैंकिंग में भारत श्रीलंका से ऊपर है। ऐसे में अगर बारिश के कारण सेमीफाइनल रद हुआ तो भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। भारत को अफगानिस्तान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में इसी नियम का फायदा मिला था।
