इंग्लैंड दौरे से पहले आयरलैंड जाएगा विश्व विजेता भारत, कब खेली जाएगी टी20 सीरीज?
भारत जून में इंग्लैंड दौरे से पहले आयरलैंड का दौरा करेगा, जहां वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेलेगा। आयरलैंड के हाई परफोरमेंस निदेशक ग्राहम वेस्ट ने इसकी पुष्टि की।

भारतीय क्रिकेट टीम
HighLights
भारत जून में आयरलैंड का टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए दौरा करेगा
पॉल स्टर्लिंग ने आयरलैंड की टी-20 कप्तानी छोड़ी, वनडे में जारी रखेंगे
यह सीरीज इंग्लैंड दौरे से ठीक पहले खेली जाएगी
पीटीआई, नई दिल्ली। इंग्लैंड के सफेद गेंद के दौरे से पहले विश्व चैंपियन भारत जून में टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए आयरलैंड का दौरा करेगा। आयरलैंड के हाई परफोरमेंस निदेशक ग्राहम वेस्ट ने इस सीरीज की पुष्टि तब की जब उन्होंने पॉल स्टर्लिंग के टी-20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान के पद से हटने के फैसले की घोषणा की। भारत 20 जून को खत्म होने वाली एक टेस्ट और तीन मैच की वनडे सीरीज के लिए अफगानिस्तान की मेजबानी कर रहा है।
इसके बाद भारत एक जुलाई से 19 जुलाई तक पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय और तीन वनडे खेलने के लिए इंग्लैंड जाएगा जबकि आयरलैंड सीरीज इंग्लैंड सीरीज से पहले होगी। ग्राहम वेस्ट ने कहा कि भारत के साथ होने वाली यह सीरीज उनकी आने वाली गर्मियों की योजनाओं का हिस्सा है। वेस्ट ने कहा कि 2028 टी-20 विश्व कप के लिए क्वालीफिकेशन पक्का होने के साथ पॉल स्टर्लिंग का टी-20 कप्तान के पद से हटने का फैसला नए कप्तान को अपनी शैली और कार्यप्रणाली को लागू करना शुरू करने का मौका देता है।
पॉल स्टर्लिंग ने छोड़ी टी20 टीम की कप्तानी
इसकी शुरुआत जून में भारत के साथ होने वाली श्रृंखला से होगी। भारत ने पिछले सात साल में तीन बार (2018, 2022 और 2023) आयरलैंड का दौरा किया है। स्टर्लिंग ने टी20 की कप्तानी भले ही छोड़ने का फैसला किया है लेकिन वे वनडे में आयरलैंड की कप्तानी करना जारी रखेंगे और उन्होंने कहा कि वे सभी प्रारूपों में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
