इस वर्ष चौथी बार 'क्रिकेट विश्व कप' भारत में खेला जाएगा, चैंपियंस ट्रॉफी की भी मिली मेजबानी
13वां विश्व कप भारत में इस वर्ष खेला जाएगा।
नई दिल्ली। अब तक तीन-तीन विश्व कप का सफल आयोजन करने के बाद भारत चौथी बार क्रिकेट विश्व कप के 13वें संस्करण का आयोजन वर्ष 2023 में करेगा। इसके अलावा वर्ष 2021 में भारत में चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन किया जाएगा। आइसीसी के दोनों टूर्नामेंट के आयोजन के बारे में बीसीसीआइ की एसजीएम में घोषणा की गई। ऐसा पहली बार होगा जब आइसीसी के दोनों बड़े टूर्नामेंट्स का आयोजन भारत में किया जाएगा। विश्व कप की बात की जाए तो भारत 1987, 1996 और 2011 में इसका आयोजन कर चुका है। इसके अलावा भारत में वर्ष 2016 में टी 20 विश्व कप का आयोजन किया गया था। विश्व कप के 12वें संस्करण की मेजबानी इंग्लैंड करेगा और उसके बाद का विश्व कप भारत में खेला जाएगा।
इससे पहले भारत में जब वर्ष 2011 में विश्व कप का आयोजन किया गया था उसे टीम इंडिया ने जीता था। 1983 में कपिल की कप्तानी में पहली बार विश्व कप जीतने के बाद ये दूसरा मौका था जब भारत ने विश्व कप धौनी की कप्तानी में जीता था। 2011 विश्व कप फाइनल में धौनी की कप्तानी में भारत ने फाइनल मुकाबले में श्रीलंका को छह विकेट से हराकर खिताब पर कब्जा किया था। इस जीत के बाद भारत अपनी धरती पर विश्व कप जीतने वाला पहला देश बन गया था।
हालांकि इसके बाद वर्ष 2015 में आयोजित विश्व कप को ऑस्ट्रेलिया ने अपनी धरती पर जीता था और वो ऐसा करने वाला दुनिया का दूसरा देश बना था। वर्ष 2015 विश्व कप का आयोजन ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड ने संयुक्त तौर पर किया था। इस विश्व कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने एमसीजी पर न्यूजीलैंड को खिताब अपने नाम किया था। ये दूसरा मौका था जब ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में संयुक्त तौर पर विश्व कप का आयोजन किया गया था। इन दोनों देशों में पहली बार वर्ष 1992 में विश्व कप का आयोजन किया गया था।