विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 10, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

IND vs WI: वनडे सीरीज के लिए धौनी और कोहली के चयन पर होगी सभी की निगाहें

By Lakshya SharmaEdited By:
Published: Wed, 10 Oct 2018 08:38 PM (IST)Updated: Thu, 11 Oct 2018 11:04 AM (IST)

इसके अलावा चयनकर्ता कुछ अन्य विकल्पों पर भी विचार कर सकते हैं।

IND vs WI: वनडे सीरीज के लिए धौनी और कोहली के चयन पर होगी सभी की निगाहें
IND vs WI: वनडे सीरीज के लिए धौनी और कोहली के चयन पर होगी सभी की निगाहें

नई दिल्ली, जेएनएन।  वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी घरेलू वनडे सीरीज के लिए जब चयनकर्ता गुरुवार को यहां टीम का चयन करेंगे तो महेंद्र सिंह धौनी की खराब बल्लेबाजी उन्हें युवा रिषभ पंत को शामिल करने के लिए मजबूर कर सकती है।

यह अभी तक स्पष्ट नहीं है कि टीम की घोषणा पहले तीन मैचों के लिए की जाएगी या पूरी सीरीज के लिए, जो 21 अक्टूबर से शुरू होगी और जिसमें पांच वनडे और तीन टी-20 मैच होंगे। कप्तान विराट कोहली पर बढ़ते भार को देखते हुए उनकी टीम में मौजूदगी भी एक अन्य अहम मुद्दा हो सकती है।

विराट को आराम देने की बात हो रही है लेकिन अब यह देखना है कि वह पूरी सीरीज में आराम करेंगे या आखिरी के कुछ मैचों में। इसके अलावा धौनी के कवर बल्लेबाज को लेकर चयनकर्ता और टीम प्रबंधन के बीच चर्चा हो सकती है। हालांकि, धौनी की विकेटकीपिंग बेहतरीन है, लेकिन उनकी बल्लेबाजी में गिरावट आई है।

टीम चयन से जुड़े मामलों की जानकारी रखने वाले बीसीसीआइ के एक सीनियर अधिकारी ने कहा, 'हम सभी जानते हैं कि धौनी विश्व कप तक खेलेंगे, लेकिन पंत को तैयार करने में कोई नुकसान नहीं है, जो छठे या सातवें नंबर पर शानदार बल्लेबाज हो सकते हैं। उनमें मैच को खत्म करने की क्षमता है।' 

ओवल में पंत ने अपना पहला टेस्ट शतक जड़ने के बाद राजकोट में 92 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली थी, जिसके बाद 20 वर्षीय इस विकेटकीपर को टीम में शामिल करने की मांग तेज हो गई है। हालांकि, दिनेश कार्तिक पहले से ही टीम का हिस्सा रहे हैं, लेकिन उनकी निरंतरता में कमी है और वह अहम मौकों पर मैच को खत्म करने में नाकाम रहे हैं, जो टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय है।

इसके अलावा चयनकर्ता कुछ अन्य विकल्पों पर भी विचार कर सकते हैं। केदार जाधव मांसपेशियों की चोट की वजह से सीमित ओवर की सीरीज के चरण से बाहर हो गए हैं, जिससे मध्य क्रम में एक बल्लेबाजी की जगह बनी है। एशिया कप में शानदार प्रदर्शन के बाद अंबाती रायुडू अपनी जगह बरकरार रखेंगे, भले ही कोहली खेलने का फैसला करें या नहीं।

वर्तमान में जारी टेस्ट सीरीज के दौरान आवश्यक ब्रेक के बाद भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह वापसी के लिए तैयार हैं। रवींद्र जडेजा ने जिस तरह से शेर दिल प्रदर्शन किया है उससे उनके अक्षर पटेल की जगह चुने जाने की उम्मीद है। मनीष पांडे को बाहर किया जा सकता है जिन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ देर से मौका मिलने पर खराब प्रदर्शन किया था।

क्रिकेट की खबरों के लिए यहां क्लिक करें

अन्य खेलों की खबरों के लिए यहां क्लिक करें

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।