विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs NAM: कमजोर नामीबिया के सामने संजू के पास अंतिम मौका, अभिषेक को मिली अस्पताल से छुट्टी

By Abhishek TripathiEdited By: Rajat Gupta
Published: Thu, 12 Feb 2026 06:00 AM (IST)

भारतीय टीम का अगला पड़ाव नई दिल्ली है, जहां उसे गुरुवार को नामीबिया से अपना दूसरा ग्रुप मुकाबला खेलना है। ...और पढ़ें

संजू को मिल सकता मौका।

संजू को मिल सकता मौका।

HighLights

  1. दूसरे ग्रुप मैच में आज नामीबिया से भिड़ेगी भारतीय टीम

  2. दिल्‍ली के अरुण जेटली स्‍टेडियम में खेला जाएग यह मैच

  3. भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा मुकाबला

अभिषेक त्रिपाठी, जागरण नई दिल्ली । टी-20 विश्व कप में अमेरिका पर शानदार जीत के बाद गत चैंपियन भारतीय टीम का अगला पड़ाव नई दिल्ली है, जहां उसे गुरुवार को नामीबिया से अपना दूसरा ग्रुप मुकाबला खेलना है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के विरुद्ध मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजी लड़खड़ाती नजर आई थी। अब दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम की पिच पर टीम पूरी ताकत के साथ आक्रामक अंदाज में उतरना चाहेगी।

हालांकि नामीबिया के विरुद्ध मुकाबले से ज्यादा भारत की चिंता आरंभिक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को लेकर हैं, जिन्हें बुधवार को अस्पताल से छुट्टी तो मिल गई लेकिन अभी तक वह मैच फिट नहीं हैं। अभिषेक पेट में संक्रमण और बुखार के कारण सोमवार से अस्पताल में भर्ती थे। इस मैच में उनका खेलना मुश्किल हैं, लेकिन टीम प्रबंधन चाहेगा कि 15 फरवरी को पाकिस्तान से होने वाले महामुकाबले से पहले ये बल्लेबाज पूरी तरह फिट हो जाए।

संजू कर सकते पारी की शुरुआत

वहीं अभिषेक की अनुपस्थिति में यह मुकाबला संजू सैमसन के लिए खुद को साबित करने का सुनहरा अवसर हो सकता है। लगातार असफलताओं के कारण वह अंतिम एकादश से बाहर हो गए थे और उनकी जगह ईशान किशन को मौका मिला, जो इस समय शानदार फार्म में हैं। ईशान को बुधवार को अभ्यास के दौरान जसप्रीत बुमराह की गेंद लगी जिसके बाद उन्हें डाक्टर के पास जाना पड़ा। हालांकि बाद में वह फिर बल्लेबाजी के लिए लौटे।

सहायक कोच रेयान डेन ने कहा, संजू अब बेहतर महसूस कर रहे हैं। वह टीम में अपनी भूमिका समझ रहे हैं और अभ्यास में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।अब बात करें नामीबिया से होने वाले मैच की तो कागजों पर दोनों टीमों के बीच गुणवत्ता का अंतर काफी बड़ा है। नामीबिया हाल ही में इसी मैदान पर नीदरलैंड्स जैसी एसोसिएट टीम के विरुद्ध भी प्रभाव नहीं छोड़ पाई थी। ऐसे में भारत इस मैच को बड़े मुकाबले से पहले एक तरह के अभ्यास के रूप में देख सकता है।

पहले बल्‍लेबाजी करना चाहेगा भारत

भारत चाहेगा कि वह पहले बल्लेबाजी कर अपने शीर्ष क्रम को खुलकर खेलने का मौका दे। नामीबिया के गेंदबाजी आक्रमण को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी की टीम के बल्लेबाज भी कड़ी चुनौती दे सकते हैं। नामीबिया के लिए भारत जैसी मजबूत बल्लेबाजी को रोकना बेहद कठिन चुनौती होगी। वहीं उनकी बल्लेबाजी को जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पांड्या जैसे गेंदबाजों का सामना करना होगा।

नामीबिया के शीर्ष छह बल्लेबाजों में केवल आलराउंडर जेजे स्मिट का स्ट्राइक रेट 140 से ऊपर है, जबकि अन्य बल्लेबाज आधुनिक टी20 मानकों के हिसाब से पीछे हैं। वरुण चक्रवर्ती की रहस्यमयी गेंदबाजी नामीबिया के लिए खासतौर पर मुश्किल साबित हो सकती है। टी-20 विश्व कप के कार्यक्रम और ग्रुपिंग को लेकर भी चर्चाएं हैं।

पाकिस्तान के खिलाफ हाई-वोल्टेज मुकाबले को छोड़ दें तो लीग चरण में भारत को अपेक्षाकृत आसान प्रतिद्वंद्वी मिले हैं। यहां तक कि भारत ए टीम ने टूर्नामेंट से पहले अभ्यास मैच में नामीबिया को 100 से कम स्कोर पर समेट दिया था। अगर पाकिस्तान के विरुद्ध मैच में उलटफेर भी हो जाए, तो भारत के सुपर-8 में पहुंचने की संभावना मजबूत मानी जा रही है।
वहां से असली चुनौती शुरू होगी। फिलहाल भारत के लिए यह मुकाबला आत्मविश्वास बढ़ाने और संयोजन मजबूत करने का अवसर है, जबकि नामीबिया के लिए यह विश्व चैंपियन के खिलाफ खुद को परखने का मंच होगा।

भारतीय टीम

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रिंकू सिंह।

नामीबिया टीम

गेरहार्ड इरास्मस (कप्तान), जान बाल्ट, जेन ग्रीन, मलान क्रूगर, डायलन लाइचर, लारेन स्टीनकैंप, जान फ्रायलिंक, जान निकोल लोफ्टी-ईटन, विलियम मायरबर्ग, जेजे स्मिट, जैक ब्रासेल, मैक्स हिंगो, बर्नार्ड शोल्ट्ज, बेन शिकोंगो, रूबेन ट्रंपेलमैन।

यह भी पढ़ें- IND vs NAM: सूर्य भाई और मैं सू्त्रधार की भूमिका निभा सकते हैं, प्रेस कॉन्‍फ्रेंस में तिलक वर्मा ने बताई टीम की रणनीति

यह भी पढ़ें- IND vs NAM: जसप्रीत बुमराह की गेंद से चोटिल हुआ भारतीय ओपनर, खेलने पर मंडराया संकट!