विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 22, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

IND vs ENG: दो गेंदें और इंग्‍लैंड का सत्‍यानाश! पहले टी20 मैच का टर्निंग प्‍वाइंट, जिसने बदल दी भारत की तकदीर

Published: Wed, 22 Jan 2025 11:16 PM (GMT+05:30)

भारतीय टीम ने इंग्‍लैंड के खिलाफ पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज का विजयी आगाज किया। सूर्यकुमार यादव के नेतृत्‍व ...और पढ़ें

वरुण चक्रवर्ती की दो गेंदें बनी मैच का टर्निंग प्‍वाइंट
वरुण चक्रवर्ती की दो गेंदें बनी मैच का टर्निंग प्‍वाइंट

HighLights

  1. भारत ने इंग्‍लैंड को पहले टी20 में 7 विकेट से हराया
  2. वरुण चक्रवर्ती का ओवर मैच का टर्निंग प्‍वाइंट साबित हुआ
  3. भारत ने पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। भारतीय टीम ने बुधवार को इंग्‍लैंड के खिलाफ पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज का विजयी आगाज किया। कोलकाता के ईडन गार्डन्‍स में खेले गए मुकाबले में भारत ने अंग्रेजों को 43 गेंदें शेष रहते सात विकेट से पटखनी दी।

भारत ने टॉस जीतकर इंग्‍लैंड को पहले बल्‍लेबाजी का न्‍योता दिया। मेहमान टीम निर्धारित 20 ओवर में 132 रन पर ऑलआउट हुई। जवाब में भारत ने 12.5 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्‍य हासिल किया। इस जीत के साथ ही भारत ने पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। दोनों टीमों के बीच अगला मुकाबला शनिवार को चेन्‍नई में खेला जाएगा।

इंग्‍लैंड बस संभला कि...

बता दें कि पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी इंग्‍लैंड की शुरुआत तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने बिगाड़ी। उन्‍होंने दोनों इंग्लिश ओपनर्स फिल सॉल्‍ट और बेन डकेट को अपना शिकार बनाया। दो विकेट जल्‍दी गंवाने के बाद इंग्‍लैंड को कप्‍तान जोस बटलर (68) और हैरी ब्रूक (17) ने संभाल लिया था। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी कर ली थी।

यह भी पढ़ें: IND vs ENG: भारतीय गेंदबाजों के बाद अभिषेक शर्मा ने उधेड़ी अंग्रेजों की बखिया, सूर्या ब्रिगेड ने किया विजयी आगाज

सूर्या का मास्‍टर स्‍ट्रोक काम आया

तब ऐसा लग रहा था कि इंग्‍लैंड की टीम बड़ा स्‍कोर बनाने में कामयाब होगी। मगर तभी कुछ ऐसा हुआ कि इंग्लिश टीम के अरमान पूरी तरह धुल गए। भारतीय कप्‍तान सूर्यकुमार यादव ने गेंदबाजी मिस्‍ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को थमाई। चक्रवर्ती ने बटलर-ब्रूक की पनपती हुई साझेदारी को तोड़ा और मेहमान टीम को इस ओवर में बैकफुट पर धकेल दिया।

चक्रवर्ती की स्पिन का कमाल

वरुण चक्रवर्ती ने पारी के आठवें ओवर की तीसरी गेंद पर हैरी ब्रूक को क्‍लीन बोल्‍ड कर दिया। भारतीय लेग स्पिनर ने अपनी गूगली का कमाल बिखेरते हुए इंग्लिश बल्‍लेबाज की पारी का अंत किया। दो गेंद बाद चक्रवर्ती ने लियाम लिविंगस्‍टन को भी बोल्‍ड कर दिया। इंग्‍लैंड का स्‍कोर जो 65 रन पर दो विकेट था, वो इसी स्‍कोर पर चार विकेट हो गया।

दो गेंदों ने किया बेड़ा गर्क

इंग्‍लैंड के लिए सबसे अच्‍छी साझेदारी कप्‍तान जोस बटलर और हैरी ब्रूक के बीच ही हुई। मगर चक्रवर्ती की दो गेंदों ने थ्री लायंस का बेड़ा गर्क कर दिया। इंग्लिश टीम इन दो झटकों से उबर नहीं पाई और पूरी टीम 132 रन पर ऑलआउट हो गई। वरुण चक्रवर्ती द्वारा किया गया पारी का आठवां ओवर मैच का टर्निंग प्‍वाइंट साबित हुआ।

बता दें कि वरुण चक्रवर्ती ने 4 ओवर के अपने स्‍पेल में 23 रन देकर तीन विकेट झटके। वरुण ने कप्‍तान जोस बटलर की पारी का भी अंत किया था।

बहरहाल, भारतीय टीम को लक्ष्‍य का पीछा करने में ज्‍यादा संघर्ष नहीं करना पड़ा और ड्राइविंग सीट का मजा लूटते हुए सूर्या के शेरों ने जीत दर्ज की। मेजबान टीम की कोशिश अपनी विजयी लय को चेन्‍नई में भी बरकरार रखने की होगी।

यह भी पढ़ें: IND vs ENG: 430 दिन बाद भी Mohammed Shami का नहीं खत्म हुआ इंतजार, प्लेइंग इलेवन से हुए बाहर; सूर्या ने बताया कारण