यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 06, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Ind vs Aus: धौनी समेत रांची पहुंची टीम इंडिया, सीरीज जीतने पर टीम इंडिया की नजर
तीसरे वनडे मैच के लिए धौनी अपने शहर रांची भारतीय टीम के साथ पहुंच गए हैं।

नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय क्रिकेट टीम इस वक्त ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच वनडे मैचों की सीरीज खेल रही है। इस सीरीज के पहले दो मैचों में टीम इंडिया ने जीत दर्ज करके मेहमान टीम पर 2-0 की बढ़त बनाई हुई है। अब दोनों देशों के बीच तीसरा वनडे मैच पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के शहर रांची में खेला जाएगा और इसके लिए टीम इंडिया यहां पहुंच चुकी है। टीम इंडिया के रांची पहुंचने का आधिकारिक वीडियो बीसीसीआइ ने शेयर किया और लिखा कि रांची वह (धौनी) यहां हैं....।
इस वीडियो में दिख रहा है कि धौनी स्वचालित सीढ़ियों से नीचे उतर रहे हैं और एयरपोर्ट के अंदर मौजूद लोग उनकी तस्वीर खींचते हुए साथ ही वीडियो बनाते दिख रहे हैं। भारत ने अब तक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले दोनों वनडे में जीत दर्ज की थी। अब रांची में होने वाले मुकाबले को अगर टीम इंडिया जीत लेती है तो वो सीरीज में अपराजेय बढ़त हासिल कर लेगी। धौनी ने नागपुर वनडे में अच्छी बल्लेबाजी नहीं की थी लेकिन उनके घरेलू फैंस ये उम्मीद जरूर कर रहे होंगे कि वो रांची में अच्छी बल्लेबाजी करके टीम को जीत दिलाएं साथ ही साथ उनका भी खूब मनोरंजन करें।
View this post on Instagram
रांची की बात करें तो यहां पर भारत ने अपना आखिरी मुकाबला न्यूजीलैंड के विरुद्ध खेला था। भारत व न्यूजीलैंड के बीच ये मैच 26 अक्टूबर 2016 को खेला गया था। इस मैच में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था। धौनी ने रांची पहुंचे के बाद एक तस्वीर शेयर की है जिसमें वो चहल के साथ दिख रहे हैं।
View this post on Instagram