यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 28, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
IND vs AUS: शतक के बाद भी ऑस्ट्रेलिया के इस महान क्रिकेटर ने उठाए पुजारा की पारी पर सवाल
पोंटिंग ने इसके साथ ही ऑस्ट्रेलियाई टीम को सलाह दी टेस्ट सीरीज के बाकी मैचों में विराट कोहली को शॉर्ट बॉल से टारगेट करें।

नई दिल्ली, जेएनएन। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने पुजारा की मैराथन पारी के बारे में टिप्पणी करते हुए कहा कि उनकी यह पारी या तो विख्यात मैच जिताऊ पारी के रूप में याद रखी जाएगी या फिर इसकी वजह से उनकी टीम जीत का अवसर गंवा देगी। पोंटिंग ने इसके साथ ही ऑस्ट्रेलियाई टीम को सलाह दी टेस्ट सीरीज के बाकी मैचों में विराट कोहली को शॉर्ट बॉल से टारगेट करें। उन्होंने कहा कि मिशेल स्टार्क द्वारा लगातार बाउंसर फेंकते रहने का उन्हें फायदा मिला।
पोंटिंग ने कहा कि अगर भारत यह मैच जीतता है तो यह एक शानदार पारी होगी, लेकिन अगर उन्हें ऑस्ट्रेलिया को दो बार आउट करने का अवसर नहीं मिलता है तो इस पारी की वजह से वह मैच जीतने से महरूम रह सकते हैं। जब तक पुजारा क्रीज पर होते हैं, भारत के लिए रन रेट बढ़ाना आसान नहीं होता। पोंटिंग ने कहा कि पुजारा ने सीरीज में अपना दूसरा शतक बनाया है।
वह अच्छा खेल रहे हैं और ऐसा लग रहा है कि उन्हें आउट करना आसान नहीं है, लेकिन वह खुद को कैद सा कर लेते हैं और इसका असर रन बनाने की गति पर पड़ता है। भारतीय टीम में अन्य बल्लेबाज हैं जो स्ट्रोक खेल सकते हैं, लेकिन अगर वे ना चलें तो रन रेट हमेशा दो रन प्रति ओवर के आसपास ही रहेगा, जो टेस्ट मैच जीतने के लिए काफी नहीं है।