यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 24, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Ind vs Aus: अगर ये खिलाड़ी मैदान पर उतरा, टूट जाएगा 45 साल पुराना ये खास रिकॉर्ड
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टेस्ट मैच 26 दिसंबर मेलबर्न के मैदान पर खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ी चोटों से जूझ रहे हैं।

नई दिल्ली, जेएनएन। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 26 दिसंबर से खेले जाने वाले तीसरे टेस्ट मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया ओपनर एरोन फिंच ने खुद को फिट घोषित कर दिया है। बॉक्सिंग डे टेस्ट से पहले फिंच ने बड़ा बयान देते हुए खुद को फिट घोषित कर ये भी साफ कर दिया है कि वो मेलबर्न में ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं। अगर फिंच फिट होकर मेलबर्न में ओपनिंग करने उतरते हैं तो वो 45 साल पुराना एक रिकॉर्ड तोड़ देंगे।
फिंच तोड़ेंगे ये रिकॉर्ड?
मेलबर्न में अगर फिंच ओपनिंग के लिए मैदान पर उतरते है तो साल 1973 के बाद ये पहला मौका होगा जब विक्टोरिया के दोनों ओपनर मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में ओपनिंग करेंगे। फिंच के साथ-साथ मार्कस हैरिस भी विक्टोरिया से ही आते हैं। इससे पहले साल 1973 में एमसीजी टेस्ट में पॉल शेहन और कीथ स्टेकपोल की जोड़ी आखिरी विक्टोरियन जोड़ी थी जिसने एमसीजी में ओपनिंग की थी।
'100 फीसदी फिट हूं मैं'
फिंच ने इस मौके पर बयान देते हुए कहा, 'विक्टोरिया से होना और बॉक्सिंग डे टेस्ट खेला जाना है, ऐसे में अगर मुझे नहीं खेलना है तो इसे (मैच को) होना ही नहीं होगा। मुझे लग रहा है कि अब मैं 100 फीसदी फिट हूं। मैंने बल्लों के साथ काफी प्रैक्टिस की है और मुझे सब सही लग रहा है।'
फिंच ने आगे कहा, 'अगर अगले कुछ दिनों में कुछ बदलता है तो हमें साथ में बैठकर बात करनी होगी। फिलहाल मैं स्लिप में फील्डिंग करने पर ध्यान दे रहा हूं या फिर टीम चाहे मुझे कहीं भी लगा दे, मैं तैयार हूं।'
आपको बता दें कि पर्थ में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच के दौरान मोहम्मद शमी की एक गेंद फिंच की उंगली पर लग गई थी और उन्हें मैदान छोड़कर जाना पड़ गया था। इस पर फिंच ने कहा, 'वो हैरान करने वाला था। शुरुआत में ही दर्द काफी तेज था और मुझसे बर्दाश्त नहीं हो पा रहा था। पिछले कुछ समय से कई बार मुझे वहीं चोट लग रही है और इससे हालात और ज्यादा खराब हो गए थे।'