अभिषेक शर्मा का शतक और संजू सैमसन का धमाका, अफगानिस्तान पर 3-0 की क्लीन स्वीप के ये रहे 5 सबसे बड़े हीरो
अभिषेक शर्मा के तूफानी शतक की बदौलत भारत ने अफगानिस्तान को तीसरे टी20 में हराकर सीरीज 3-0 से जीती। इस ...और पढ़ें

अभिषेक शर्मा-संजू सैमसन

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। अभिषेक शर्मा के तूफानी शतक के दम पर भारतीय टीम ने अफगानिस्तान को तीसरे टी20 मैच में हरा दिया। इसी के साथ भारतीय टीम ने सीरीज को 3-0 से अपने नाम कर लिया है। टीम इंडिया ने तीसरे मैच में पहले बैटिंग करते हुए 221 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में अफगानी टीम मात्र 94 रनों पर सिमट गई और उन्हें 127 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
भारत के खिलाफ 127 रनों की हार अफगानिस्तान के टी20 इतिहास की सबसे बड़ी हार है। इसके अलावा अब तक अफगानी टीम ने भारत को टी20 फॉर्मेट में नहीं हराया है और टीम इंडिया ने 12 मुकाबले जीत लिए हैं। भारतीय टीम को 3-0 से जीत दिलाने में अभिषेक शर्मा ने अहम भूमिका निभाई। उनके अलावा भी ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने टीम इंडिया को सीरीज में जीत दिलाई। आइए आपको ऐसे 5 खिलाड़ियों को बारे में बताते हैं।
1. अभिषेक शर्मा
सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ कमाल की बल्लेबाजी की। उन्होंने पहले मैच में भी 82 रनों की पारी खेली थी, जहां वे शतक लगाने से चूक गए थे। इसके बाद दूसरे मैच में शर्मा ने 39 रन बनाए। गुरुवार को खेले गए तीसरे मुकाबले में अभिषेक ने 108 रनों की पारी खेली। वे सीरीज में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे, जहां बाएं हाथ के बैटर ने 3 मैचों में 229 रन बनाए। उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया।
2. संजू सैमसन
विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन पहले मैच में फ्लॉप हो गए थे, जिसके बाद उनकी फॉर्म पर सवाल खड़े होने लगे थे। हालांकि, दूसरे मैच में उन्होंने 20 गेंदों पर ही अर्धशतक ठोक दिया। इसके बाद तीसरे मुकाबले में भी सैमसन का बल्ला चला और उन्होंने अर्धशतक लगाया। सैमसन ने पूरी सीरीज में 117 रन बनाए और दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।
3. नितीश कुमार रेड्डी
ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी ने भी टीम इंडिया को अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। रेड्डी ने पहले मैच में तो खराब गेंदबाजी की लेकिन दूसरे और फिर तीसरे मैच में उन्होंने तीन-तीन विकेट लिए। वे बल्ले से भले ही अपना जलाव नहीं दिखा सके लेकिन गेंद के साथ कुल 6 विकेट लिए। वे सीरीज में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज भी रहे।
4. अर्शदीप सिंह
तेज गेंदबाद अर्शदीप सिंह को तीसरे मैच में खेलने का मौका नहीं मिला। हालांकि, उन्होंने इस सीरीज में कमाल की गेंदबाजी की। दो मैचों में अर्शदीप के नाम 5 विकेट रहे। वे एक मैच कम खेले लेकिन इसके बावजूद दूसरे सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे।
5. ईशान किशन
ईशान किशन तीसरे टी20 मैच में अपना कमाल नहीं दिखा सके। वे 10 रन बनाकर रन आउट हो गए। हालांकि, पहले दो मैचों में टीम इंडिया की जीत में किशन ने अहम भूमिका निभाई। ईशान ने सीरीज में कुल 90 रन बनाए और भारत के लिए सीरीज में तीसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।
