विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND U19 vs BAN U19: टॉस के समय दोनों कप्तानों ने नहीं मिलाया हाथ, अब बांग्लादेश बोर्ड ने दी सफाई

Published: Sat, 17 Jan 2026 09:01 PM (IST)

आईसीसी अंडर-19 विश्व कप ग्रुप ए मैच से पहले भारत-बांग्‍लोदश के कप्तानों ने परंपरा के अनुसार हाथ नहीं मिलाए। वर्षा ...और पढ़ें

कप्‍तानों ने नहीं मिलाए हाथ।

कप्‍तानों ने नहीं मिलाए हाथ।

HighLights

  1. दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण संबंधों का असर क्रिकेट मैदान पर दिखा

  2. भारत अंडर-19 और बांग्‍लादेश अंडर-19 टीम की हो रही टक्‍कर 

  3. बुलावेयो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला जा रहा यह मुकाबला

बुलवायो, पीटीआई : भारत और बांग्लादेश के बीच तनावपूर्ण द्विपक्षीय संबंधों का असर क्रिकेट के मैदान पर भी दिखा क्योंकि शनिवार को आईसीसी अंडर-19 विश्व कप ग्रुप ए मैच से पहले दोनों टीमों के कप्तानों ने परंपरा के अनुसार हाथ नहीं मिलाए। वर्षा के कारण मैच देरी से शुरू होने के बाद भारत के कप्तान आयुष म्हात्रे और बांग्लादेश के उपकप्तान जवाद अबरार टॉस के लिए आए थे, लेकिन सिक्का उछालने से पहले या बाद में उन्होंने हाथ नहीं मिलाया।

इस पर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने कहा कि बीमारी की वजह से नियमित कप्तान अजीजुल हक टॉस के लिए नहीं आ पाए। उपकप्तान से हाथ न मिला पाना पूरी तरह अनजाने में हुआ। यह थोड़ी देर के लिए ध्यान भटकने की वजह से हुआ और इसका विरोधी कप्तान के प्रति बदतमीजी दिखाने का कोई इरादा नहीं था। इस मामले को गंभीरता से लिया गया है और खिलाड़ियों को बताया गया है कि खेल भावना दिखाना उनकी जिम्मेदारी है।

इससे पहले केवल भारत और पाकिस्तान के बीच मैचों के दौरान ऐसा देखने को मिला था। पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में एशिया कप में भारतीय टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था और इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए महिला वनडे विश्व कप में भारतीय टीम ने भी पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से दूरी बनाई थी।

 

 

 

इसके बाद अंडर-19 एशिया कप में भी भारतीय टीम और पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने हाथ नहीं मिलाया था। हाल के दिनों में भारत और बांग्लादेश के बीच राजनीतिक और क्रिकेट संबंध काफी खराब हुए हैं। हाल के दिनों में पड़ोसी देश में हिंदुओं पर हमले के विरोध में भारत के विभिन्न हिस्सों में रैलियां आयोजित की गईं।

क्रिकेट संबंध भी तब और खराब हो गए जब बीसीसीआई ने हाल में कोलकाता नाइटराइडर्स से बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान का आइपीएल अनुबंध खत्म करने को कहा। इसके बाद बांग्लादेश ने आईसीसी से खिलाड़ियों, अधिकारियों और प्रशंसकों के लिए संभावित सुरक्षा जोखिमों का हवाला देते हुए आगामी टी-20 विश्व कप मैचों को कोलकाता और मुंबई से दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग की थी। इस मामले में आईसीसी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच फिलहाल बातचीत चल रही है।

यह भी पढ़ें- IND U19 vs BAN U19: वैभव सूर्यवंशी ने शतक से चूकने के बाद भी रचा इतिहास, तोड़ा विराट कोहली का महारिकॉर्ड

यह भी पढ़ें- IND U19 vs BAN U19 Live Streaming: बांग्लादेश के खिलाफ कहर बरपाएंगे वैभव सूर्यवंशी! इस चैनल पर देख सकते हैं ये रोमांचक मैच

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।