हार्दिक पांड्या ने बढ़ाई टीम इंडिया की टेंशन, लंबे समय तक क्रिकेट से रहेंगे दूर; ऋषभ पंत न्यूजीलैंड दौरे से हो सकते हैं बाहर
हार्दिक पांड्या पिंडली की चोट से उबर रहे हैं और अगले साल सीधे आईपीएल में वापसी कर सकते हैं। ऋषभ ...और पढ़ें

हार्दिक पांडया-ऋषभ पंत

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
अभिषेक त्रिपाठी, जागरण, नई दिल्ली। इस साल आईपीएल में चोटिल हुए भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या अगले साल सीधे आईपीएल में ही खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं। 14 अक्टूबर को डॉक्टर दिनशा पार्डीवाला ने हार्दिक की रिपोर्ट देखी थी। पिंडली की अंदरूनी तरफ स्ट्रेस इंजरी से उबर रहे हार्दिक फिलहाल बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया से गुजर रहे हैं।
सीओई की रिपोर्ट के अनुसार हार्दिक तीन सप्ताह में जॉगिंग शुरू कर पाएंगे और उसके आठ सप्ताह बाद उनका रनिंग लोड बढ़ाया जाएगा। अभी उनके पूरी तरह मैच फिट होने की डेडलाइन नहीं दी गई है। यानी सात जनवरी तक तो उनका रनिंग लोड बढ़ाया जाएगा।
हार्दिक पांड्या के लिए इस साल खेलना मुश्किल
उनका चयन न्यूजीलैंड दौरे के लिए नहीं हुआ है। ऐसे में 13 दिसंबर से श्रीलंका के विरुद्ध होने वाली वनडे और टी-20 सीरीज के साथ ही तीन जनवरी से जिंबाब्वे के विरुद्ध वनडे सीरीज में उनका खेलना संभव नहीं दिखाई दे रहा है। अगर घरेलू क्रिकेट की बात करें तो तब तक सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी भी खत्म हो जाएगी। भारतीय टीम 21 जनवरी से तीन मार्च तक ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध पांच टेस्ट मैचों की बार्डर-गावस्कर सीरीज खेलेगी।
पांड्या टेस्ट खेलते नहीं है। इसके बाद आईपीएल शुरू होगा। ऐसे में हार्दिक आईपीएल में ही खेलते दिखाई दे सकते हैं। सूत्रों के अनुसार हार्दिक ने आराम करने के बाद रिहैब शुरू कर दिया है। डॉक्टरों की सलाह के मुताबिक उनकी स्ट्रेंथ ट्रेनिंग धीरे-धीरे बढ़ाई जाएगी, ताकि चोट पर अतिरिक्त दबाव न पड़े। 14 अक्टूबर के बाद बनी योजना के तहत वह तीन सप्ताह बाद जॉगिंग शुरू कर सकते हैं।
इसके बाद अगले आठ सप्ताह के दौरान उनके रनिंग लोड को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाया जाएगा। इस प्रक्रिया के पूरा होने और फिटनेस का आकलन करने के बाद ही उनकी प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी पर फैसला लिया जाएगा।
पंत की फिटनेस पर संशय
ईरानी ट्रॉफी के दौरान साइड स्ट्रेन से चोटिल हुए विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की फिटनेस पर भी संशय बना हुआ है। दो सप्ताह आराम करने के बाद पंत ने सीओई में रिपोर्ट किया है। उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है और अगले सप्ताह से हल्की स्किल ट्रेनिंग शुरू करने की योजना है। इसके बाद अभ्यास की तीव्रता धीरे-धीरे बढ़ाई जाएगी। पंत को न्यूजीलैंड के विरुद्ध टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया है, लेकिन उनकी उपलब्धता फिटनेस पर निर्भर करेगी। मेडिकल टीम उनकी प्रगति पर नजर रखे हुए है।
मैच सिमुलेशन से गुजरेंगे प्रसिद्ध
वेस्टइंडीज के विरुद्ध वनडे सीरीज के दौरान हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण चोटिल हुए तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा का रिहैब भी अच्छी तरह आगे बढ़ रहा है। उनके 22 और 23 अक्टूबर को मैच सिमुलेशन में हिस्सा लेने की संभावना है। इसके बाद तीनों प्रारूपों में खेलने के लिए उनकी फिटनेस का आकलन किया जाएगा। प्रसिद्ध न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत की वनडे और टेस्ट टीम में शामिल हैं। ऐसे में उनके दौरे पर खेलने का फैसला भी फिटनेस रिपोर्ट के आधार पर लिया जाएगा।
