IPL 2020 जीतने के बाद भारत लौटे क्रुणाल पांड्या हिरासत में, UAE से कीमती चीजें लाने का आरोप
राजस्व खुफिया निदेशालय के सूत्र ने बताया कि क्रिकेटर क्रुणाल पांड्या को राजस्व खुफिया निदेशालय की तरफ से मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रोका गया था। शक था कि उनके पास जो सोना है उसकी जानकारी उन्होंने नहीं दी है इसके अलावा भी कुछ सामान होने का शक जताया गया था।
मुंबई, एजेंसियां। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआइ) के अधिकारियों ने मुंबई इंडियंस के ऑल राउंडर क्रुणाल पांड्या को अघोषित सोना और अन्य बहुमूल्य सामान रखने के आरोप में गुरुवार को हिरासत में ले लिया। निदेशालय के सूत्रों ने बताया कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से लौटने के क्रम में क्रिकेटर क्रुणाल पांड्या को मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया गया।
क्रुणाल भारतीय टीम के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के बड़े भाई हैं। क्रुणाल इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) के 13वें संस्करण में भाग लेकर लौट रहे थे। शाम पांच बजे के करीब वे हवाई अड्डे पर उतरे। इसके बाद उन्हें निदेशालय के अधिकारियों द्वारा रोका गया। सूत्रों ने बताया कि क्रुणाल ने विदेश में सोने की चेन समेत कीमती वस्तुओं की खरीदारी की थी। इन वस्तुओं की कीमत कानूनी तौर पर विदेश से सामान लाने की दी गई इजाजत से कहीं ज्यादा थी। इस बात की जानकारी जब उन्हें दी गई, तो उन्होंने बताया कि उन्हें कानून के बारे में पता नहीं था।
उन्होंने इसके लिए माफी मांगी और जुर्माना भरने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में वे ऐसी गलती नहीं करेंगे। इसके बाद उन्हें जाने दिया गया। उल्लेखनीय है कि इस साल इंडियन प्रीमियर लीग का आयोजन संयुक्त अरब अमीरात में किया गया था।
Cricketer Krunal Pandya stopped by Directorate of Revenue Intelligence (DRI) at the Mumbai International Airport over suspicion of being in possession of undisclosed gold and other valuables, while returning from UAE: DRI sources pic.twitter.com/9Yk82coBgz— ANI (@ANI) November 12, 2020
रोहित शर्मा के नेतृत्व में मुंबई इंडियंस ने देल्ही कैपिटल्स को हराकर इस साल का खिताब जीता। मुंबई इंडियंस की यह पांचवीं खिताबी जीत थी। इससे पहले इस टीम ने 2013, 2015, 2017 और 2019 का टूर्नामेंट जीता था। क्रुणाल ने मुंबई इंडियंस के लिए आइपीएल में अब तक 71 मैच खेले हैं। 2017 के फाइनल में उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।
भारतीय टीम की तरफ से क्रुणाल ने अब तक कुल 18 टी20 मुकाबले खेले हैं। इसमें 36 रन देकर चार विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। उन्होंने अब तक कुल 18 विकेट चटकाने के साथ 121 रन भी बनाए हैं।